गाजीपुर में वीबी-जी रामजी में क्लोन एप से फर्जी हाजिरी! मामला सामने आने के बाद उड़े होश
गाजीपुर में वीबी-जी रामजी योजना के तहत क्लोन ऐप का उपयोग कर फर्जी हाजिरी लगाने का मामला सामने आया है। कई ग्राम पंचायतों में पकड़ी गई इस गड़बड़ी में एक रोजगार सेवक ने 222 मजदूरों की हाजिरी लगाई, जिस पर विभाग ने नोटिस जारी किए हैं।

गाजीपुर में वीबी-जी रामजी योजना में क्लोन ऐप से फर्जी हाजिरी का खुलासा।
HighLights
गाजीपुर में वीबी-जी रामजी योजना में फर्जी हाजिरी का खुलासा।
क्लोन ऐप से लगाई गई 222 मजदूरों की फर्जी हाजिरी।
विभाग ने गड़बड़ी करने वाली पंचायतों को नोटिस जारी किए।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। जिले के कई ब्लाकों में वीबी-जी राम जी (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण) के कार्यों में एनएमएमएस ( नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) का क्लोन एप तैयार कर हाजिरी लगाई है। जिले के आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में फर्जी हाजिरी पकड़ी जा चुकी है।
संयोग अच्छा रहा कि उक्त कार्यों का भुगतान नहीं हुआ था। ऐसे में विभाग से नोटिस जारी कर चेतावनी दी जा चुकी है। इस तरह का प्रकरण सबसे अधिक शासन स्तर पर एआइ से आनलाइन सत्यापन के दौरान चंदौली जनपद के चकिया ब्लाक के 17 ग्राम पंचायतों में मजदूरों की डुप्लीकेट फोटो से फर्जी उपस्थिति जगजाहिर हो चुकी है।
शासनादेश है कि एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) के माध्यम से योजना में काम करने वाले श्रमिकों की हाजिरी रोजगार सेवकों के माध्यम से लगाई जाएगी। जिस कार्य में 20 से अधिक श्रमिक हैं, वहां मेठ की तैनाती की जाती है। हाजिरी मेठ व रोजगार सेवकों के माध्यम से लगाने का प्रविधान है।
एनएमएमएस में हाजिरी आंख की रेटीना से लगती है, लेकिन योजना में सेंधमारी करने वाले क्लोन एप में फोटो अपलोड कर दे रहे हैं। जानकारों का कहना है कि एक रोजगार सेवक द्वारा एक दिन में 40 मजदूरों की हाजिरी लगाई जाने का प्रावधान है। इससे अधिक मजदूरों की मेठ स्तर से लगनी चाहिए।
लेकिन जखनियां ब्लाक के ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद में 22 नवंबर से क्लोन एप से हाजिरी लगाई जा रही है। 222 लेबरों की उपस्थिति मात्र एक रोजगार सेवक ने लगाई है। अगर सही तरीके से मजदूरों की उपस्तिति की जांच की जाएं तो गड़बड़ी सामने आ सकती है। इसी तरह से मनिहारी के चौकड़ी ,चकदाऊद, परेवा और देवकली के महिचा में पूर्व के कार्यों में फोटो अपलोड किया गया है।
सिस्टम पर एक सप्ताह तक के कामों की अपलोड हाजिरी व फोटो दिखाई देती है। उक्त पंचायतों की अब नहीं दिख रही है। किसी भी पंचायत ने गड़बड़ी की होगी तो शासन स्तर से एआइ से जांच में पकड़ी जाएगी। पूर्व में कुछ पंचायतों में यह शिकायत शासन की जांच में मिली थी, लेकिन वहां कोई भुगतान नहीं हुआ था। जिन लोगों ने ऐसा किया था, उन्हें चेतावनी दी गई थी। साथ ही ऐसा न करने का शपथ पत्र लिया गया था।
विजय यादव, उपायुक्त श्रम रोजगार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।