कार्यशाला में मंडल अध्यक्ष के चुनाव पर की गई चर्चा
जासं गाजीपुर भाजपा की ओर से बुधवार को छावनी लाइन स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें 1
जासं, गाजीपुर : भाजपा की ओर से बुधवार को छावनी लाइन स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें 18 से 22 सितंबर के बीच मंडल अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव पर चर्चा करने के साथ आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। इसके अलाव अन्य जिले से आए मंडल चुनाव व सह चुनाव अधिकारियों को दिशा -निर्देश के साथ अनुपालन के गुण सिखाए गए।
इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन के चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता व ढिलाई संभव नहीं है। पार्टी की रीति -नीति से आच्छादित व संगठन के प्रति हर परिस्थितियों में निष्ठावान को ही दायित्व का भार मिले यही लक्ष्य व सोच है। चुनाव अधिकारी नरेंद्र सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा दूसरी बार चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है, प्रयास होगा कि सर्व सहमति आधारित अपने जिम्मेदारी को पूर्ण किया जाए। जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि आम सहमति से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए ही मंडल अध्यक्ष का चुनाव हो यही प्रयास होना चाहिए। जिला सह चुनाव अधिकारी निर्मला पटेल ने कहा कि संगठन का चुनाव शालीनता के साथ सर्वसम्मति से सभी के सहयोग से संपन्न होगा जिससे कर्मठ व योग्य कार्यकर्ताओं को पदभार मिले जिनके दायित्व दायरे में पार्टी का उत्थान हो सके। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष ने क्षेत्रीय अध्यक्ष, चुनाव अधिकारी सहित अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर सदस्यता अभियान प्रमुख क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नागेंद्र रघुवंशी, सदस्यता सत्यापन प्रमुख अनिल श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील सिंह, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री डा. अंजना श्रीवास्तव, पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, राजेश्वर सिंह, ओमप्रकाश राय, श्यामराज तिवारी, ओमप्रकाश राम, रूद्रा पांडेय, कार्तिक गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री रामनरेश कुशवाहा ने किया।