गाजीपुर में बेसो नदी पुल के पास संकेतक बोर्ड न होने से दुर्घटनाओं का खतरा
शादियाबाद-जंगीपुर मार्ग पर बेसो नदी पुल के पास संकेतक बोर्ड न होने और अंधे मोड़ों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पेड़ों और झाड़ियों से दृश्यता प्रभावित होने के कारण कई वाहन खाई में गिर चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों ने सुरक्षा उपायों की मांग की है।

गाजीपुर में बेसो नदी पुल पर अंधे मोड़ और संकेतक बोर्ड की कमी से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा।
HighLights
बेसो नदी पुल पर संकेतक बोर्ड का अभाव।
अंधे मोड़ों और झाड़ियों से दृश्यता हुई प्रभावित।
कई वाहन खाई में गिरे, सुरक्षा उपायों की मांग।
जागरण संवाददाता, शादियाबाद (गाजीपुर)। शादियाबाद-जंगीपुर मुख्य मार्ग पर बेसो नदी पुल के पास संकेतक बोर्ड नहीं होने और दोनों तरफ अंधे मोड़ होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पुल के आसपास पेड़ों की डालियों और घनी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इसके चलते अब तक कई वाहन खाई में गिर चुके हैं और कई बार आमने-सामने टक्कर भी हो चुकी है।
शादियाबाद से करीब एक किलोमीटर पहले स्थित बेसो नदी पुल के दोनों तरफ सड़क पर तीखे मोड़ हैं। यहां पेड़ों और खरपतवार का जंगल होने से वाहन चालकों को दूसरी ओर से आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं।
न तो पुल के दोनों तरफ दुर्घटना संभावित क्षेत्र का संकेत देने वाले बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पेड़ों की डालियों व झाड़ियों की छंटाई कराई गई है। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि पुल के दोनों तरफ संकेतक बोर्ड लगाए जाएं और पेड़ों की डालियों के साथ खरपतवार की सफाई कराई जाए, ताकि वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई दे और दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।