समायोजन कराने को लेकर डीएम दरबार पहुंचे संग्रह अमीन
उत्तर प्रदेश सामयिक संग्रह अमीन कर्मचारी सेवक वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से मिला।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर: उत्तर प्रदेश सामयिक संग्रह अमीन कर्मचारी सेवक वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से मिला। इस दौरान उन्हें पत्रक सौंपकर सामयिक संग्रह अमीन व अनुसेवकों के समायोजन प्रक्रिया में हो रही समस्या से अवगत कराया। साथ ही विभागीय अधिकारियों पर हीलाहवाली करने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि 10 अगस्त को सामयिक संग्रह अमीन की जिला स्तरीय अनन्तिम ज्येष्ठता सूची बनाई गई। इसमें केवल पांच की कारगुजारी 70 फीसद से अधिक दिखाई गई। पांच अक्टूबर को उपर्युक्त लिस्ट से फिर 27 लोगों को पात्र बनाते हुए संग्रह अमीन के पद पर नियमित नियुक्ति की गई तथा शेष 89 लोगों की पुन: अपात्र सूची बनाई गई है। इसके बाद 19 अगस्त को उक्त 89 अपात्रों की सूची में 53 क्रमांक पर अंकित एक व्यक्ति को नियमित संग्रह अमीन नियुक्त कर दिया गया। तत्कालीन जिलाधिकारी के बालाजी के निर्देश पर सामयिक संग्रह अमीन व अनुसेवक का आवेदन पत्र वरिष्ठ एडब्ल्यूबीए ललित मोहन त्रिपाठी के यहां जमा है। शासन द्वारा प्रत्येक जिले के सामयिक संग्रह अमीन व अनुसेवक का नाम 85 फीसद समायोजना के लिए परिषद के वेबसाइट पर लोड करना है परंतु जिले में शेष 88 का नाम परिषद नहीं भेजा रहा है। वर्षों से हम लोग शोषण का शिकार हो रहे हैं। अगर न्याय नहीं मिला तो हम लोग सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इसकी जांच कराकर न्याय दिलाया जाएगा। पत्रक सौंपने वालों में अनिल कुमार दुबे, अनिल कुमार सिंह, ईश्वर चंद्र तिवारी, भुनेश्वर प्रसाद, अनिल कुमार श्रीवास्तव, उदय तिवारी, राजेश सिंह, अवधेश पांडेय आदि थे।