गाजीपुर में जाली नोटों के कारोबार से खड़ी की अपराध की दुनिया, अब सोने की चेन लूटने में भतीजे को भी उतारा
गाजीपुर में जाली नोटों के कारोबार से जुड़े संजय कुमार दूबे उर्फ पप्पू को अपने भतीजे पुष्कर दूबे के साथ ...और पढ़ें

गाजीपुर में जाली नोटों का सरगना अब सोने की चेन लूट में गिरफ्तार, भतीजा भी शामिल।
HighLights
जाली नोटों का सरगना संजय दूबे सराफा लूट में पकड़ा गया।
भतीजे पुष्कर के साथ मिलकर सोने की चेन लूटी।
पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर दोनों चाचा-भतीजे गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। तीन साल पहले नकली नोट छापकर बाजार में खपाने के आरोप में जेल जा चुका संजय कुमार दूबे उर्फ पप्पू अब सराफा दुकान में लूट और पुलिस पर फायरिंग के मामले में पकड़ा गया है। जाली नोटों के कारोबार से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले संजय ने उसी कमाई से हथियार खरीदे और करीब तीन साल तक उन्हें छिपाकर रखा।
जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं। इस बार उसने अपने 21 वर्षीय भतीजे पुष्कर दूबे को भी अपराध में शामिल कर लिया। संगिनी ज्वैलर्स में लूट के बाद पुलिस मुठभेड़ में चाचा-भतीजे की गिरफ्तारी से संजय का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
14 जनवरी 2023 को तत्कालीन कोतवाल ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ नगर के ब्रह्मस्थान स्थित एक मकान में छापा मारा था। वहां संजय अपने साथियों के साथ नकली नोट छापने और उनकी बंडलिंग करने में जुटा था। तलाशी के दौरान उसकी जैकेट से 34,900 रुपये के जाली नोट मिले थे। मौके से कुल 2,10,800 रुपये के नकली नोट, एप्सन कलर प्रिंटर, आरबीआइ की नकली चमकीली पट्टी और कागज बरामद हुए थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक फैला था। इस मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी वर्ष 15 फरवरी को गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। पुलिस पूछताछ में संजय ने बताया कि जाली नोटों के कारोबार से मिली 80 हजार रुपये की रकम से मुंगेर में दो देसी पिस्टल खरीदी थीं।
गिरफ्तारी से पहले उसने दोनों असलहों को छिपाकर रख दिया था। बाद में इन्हीं हथियारों के सहारे भतीजे के साथ लूट की योजना बनाई। शनिवार की शाम दोनों पहले प्रकाशनगर स्थित श्री साईं नाथ ज्वैलर्स पहुंचे, लेकिन मनमाफिक चेन नहीं मिलने पर वहां से लौट गए। इसके बाद बंशी बाजार स्थित संगिनी ज्वैलर्स को निशाना बनाया।
दुकान से छह सोने की चेन लूटने के बाद विरोध करने पर हवाई फायरिंग करते हुए कार से फरार हो गए। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने भागती कार का वीडियो बनाकर उसका नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज की।
रात करीब 9:20 बजे मीरनपुर सक्का तिराहे पर घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में संजय और पुष्कर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई पांच सोने की चेन और दो पिस्टल बरामद कीं।
प्रथमदृष्टया यह लूट की घटना ही सामने आई है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डा. राकेश मिश्रा, एएसपी सिटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।