गाजीपुर में विनीत हत्याकांड में गिरफ्तार अरविंद की जमानत खारिज
गाजीपुर में बिंदु होटल संचालक आलोक राय के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में गिरफ्तार अरविंद कुमार की जमानत अर्जी न्यायालय ...और पढ़ें

विनीत राय हत्याकांड: गाजीपुर कोर्ट ने अरविंद कुमार की जमानत अर्जी की खारिज।
HighLights
विनीत राय हत्याकांड में अरविंद कुमार की जमानत अर्जी खारिज।
न्यायालय ने मामले की गंभीरता और संलिप्तता को आधार माना।
पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। बिंदू होटल संचालक आलोक राय के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में 29 जुलाई को गिरफ्तार किए गए अरविंद कुमार की जमानत अर्जी भी न्यायालय ने गुरुवार को खारिज कर दी। अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या एक शक्ति सिंह की अदालत ने मामले की गंभीरता और विवेचना में आरोपित की संलिप्तता सामने आने को देखते हुए राहत देने से इन्कार कर दिया।
इससे पहले भी इसी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपितों की जमानत अर्जियां न्यायालय खारिज कर चुका है। 29 मई की रात बिंदू होटल के गेट पर विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह होटल से घर जाने के लिए अपनी बुलेट लेकर निकले थे। घटना के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान फुल्लनपुर निवासी अरविंद कुमार का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी और 29 जुलाई को महाराजगंज हाईवे के पास से उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से आरोपित की विवेचना में सामने आई भूमिका और मामले की गंभीरता का हवाला दिया गया।
न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों, परिस्थितियों और अपराध की गंभीरता को देखते हुए जमानत का आधार नहीं पाया और प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। विनीत हत्याकांड में पुलिस अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें मुख्य आरोपित शंकर पांडेय के पिता रविशंकर पांडेय, उसके भाई सुमित पांडेय व सत्यप्रकाश पांडेय उर्फ मुन्नी के अलावा शिवम दुबे, रहमान अली उर्फ गोल्डेन, सौरभ तिवारी, अरविंद कुमार और जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू शामिल हैं।
एक लाख रुपये का इनामी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद तीन जून को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। हत्याकांड का मुख्य सरगना शंकर पांडेय और आलोक दुबे की तलाश जारी है। शंकर पांडेय पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है और उसकी चल संपत्ति भी कुर्क की गई है।
