विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में पांच कक्षाओं के बच्चों को अकेले पढ़ा रहे थे प्रधानाध्यापक, बीडीओ के निरीक्षण में खुली पोल

By Brij Narain Pathak Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 01:45 PM (IST)

गाजीपुर के प्राथमिक विद्यालय तरका में बीडीओ के औचक निरीक्षण में शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। प्रभारी प्रधानाध्यापक अकेले ...और पढ़ें

गाजीपुर के प्राथमिक विद्यालय तरका में बीडीओ निरीक्षण में शिक्षण व्यवस्था की लापरवाही उजागर।

गाजीपुर के प्राथमिक विद्यालय तरका में बीडीओ निरीक्षण में शिक्षण व्यवस्था की लापरवाही उजागर।

HighLights

  1. बीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय तरका का औचक निरीक्षण किया।

  2. एक शिक्षक पांच कक्षाओं के बच्चों को अकेले पढ़ा रहे थे।

  3. बीडीओ ने शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, भांवरकोल (गाजीपुर)। प्राथमिक विद्यालय तरका में शुक्रवार को शिक्षण व्यवस्था की लापरवाही सामने आई। यहां कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को एक ही शिक्षक बरामदे में पढ़ाते मिले। ग्राम चौपाल में शामिल होने के बाद अचानक विद्यालय पहुंचे खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने यह स्थिति देख नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया।

तरका में आयोजित चौपाल के बाद बीडीओ प्रेमचंद ग्राम पंचायत प्रशासक राजेश राय बंगाली के साथ प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। उस समय प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार बरामदे में पांचों कक्षाओं के बच्चों को एक साथ पढ़ा रहे थे। विद्यालय में कुल 65 बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि मौके पर करीब 30 ही उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक ने बताया कि कुछ बच्चे मध्याह्न भोजन करने के बाद घर चले गए।

शिक्षकों की अनुपस्थिति के संबंध में प्रधानाध्यापक ने बताया कि सहायक अध्यापक जियाउल्लाह अंसारी अवकाश पर हैं। वहीं, शिक्षामित्र गीता देवी और निशांत राय को बीएलओ की जिम्मेदारी भी मिली है। हालांकि, एक अन्य शिक्षामित्र के बारे में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।

बीडीओ ने बच्चों की कम उपस्थिति, मध्याह्न भोजन के बाद उनके घर चले जाने और शिक्षकों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक को शिक्षण व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। इसके अलावा विद्यालय परिसर में उगी घास की सफाई कराने और बूथों तक पहुंचने के लिए रैंप बनवाने का निर्देश ग्राम पंचायत प्रशासक को दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।