अपहृत किशोर की बरामदगी को व्यापारियों का 72 घंटे का अल्टमेटम
जासं दिलदारनगर (गाजीपुर) नगर के सरैला चट्टी से बीते 27 मार्च को अपहृत हुए आदित्य उर्फ टुकटुक (12) की 21 दिन बाद भी बरामदगी नहीं होने से नाराज व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को थानाध्यक्ष मिला।
जासं दिलदारनगर (गाजीपुर) : नगर के सरैला चट्टी से बीते 27 मार्च को अपहृत हुए आदित्य उर्फ टुकटुक (12) की 21 दिन बाद भी बरामदगी नहीं होने से नाराज व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को थानाध्यक्ष मिला। साथ ही 72 घंटे अल्टीमेटम दिया। चेताया कि अगर निर्धारित समय के अंदर किशोर बरामद नहीं हुआ तो उन्हें धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि किशोर का अपहरण हुए कई दिन बीत गए, लेकिन आज तक पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी। परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं। साथ ही व्यापारियों ने निर्णय लिया कि 17 अप्रैल को नगर में मौन जुलूस व 18 से बाजार बंद कर क्रमिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मालूम हो कि किशोर चुटहा स्थित घर से सब्जी मंडी रोड स्थित किराना के दुकान पर जा रहा था। इसी बीच उसका अपहरण हो गया। काफी
खोजबीन के बाद भी आज तक कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित परिवार ने किशोर की बरामदगी के लिए सीएम से लेकर उच्चाधिकारियों के पास पत्र भेजकर गुहार भी लगाई। बावजूद इसके स्थिति जस बनी हुई है। इस मौके पर सराफा व्यापार मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा, दिनेश प्रधान, दिनेश अकेला, शकील अहमद, अलीशेर राईनी, राहुल, प्रवीण मौजूद रहे।