जिले के 1401 लोगों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास
जागरण संवाददाता गाजीपुर प्रधानमंत्री आवास की आस लगाए छत विहीन परिवारों की उम्मीदें पूर
जागरण, संवाददाता, गाजीपुर : प्रधानमंत्री आवास की आस लगाए छत विहीन परिवारों की उम्मीदें पूरी होने वाली हैं। शासन ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए जिले में 1401 प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य दिया है। विशेष यह है कि पहली बार नई पात्रता सूची में शामिल लोगों का आवास बनाया जाएगा। इससे पहले 2011 की पात्रता सूची के अनुसार पीएम आवास बनाए जाते थे। विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सरकार ने 2022 तक सभी आवास विहीन परिवारों को मकान मुहैया कराने का लक्ष्य रखा है। पुरानी पात्रता सूची-2011 में शामिल सभी परिवारों के आवास से संतृप्त हो जाने के बाद सरकार ने फिर से सर्वे करवाया और नई पात्रता सूची तैयार की। नई सूची बनाने की प्रक्रिया में एक लाख 29 हजार परिवारों ने आनलाइन पंजीकरण कराया था। सत्यापन के बाद इसमें से 38 हजार परिवार अपात्र घोषित कर दिए गए। अब जिले में 91 हजार पात्र परिवार हैं जिनका आवास बनवाया जाना है। पहले चरण में 1401 परिवारों का आवास बनाया जाना है। इसमें से 60 फीसद अनुसूचित जाति व जनजाति, 15 फीसद अल्पसंख्यक और 25 फीसद आवास सामान्य वि पिछड़ी जाति के परिवारों के बनाए जाएंगे।
तीन किस्तों में मिलेगा पैसा
- प्रधानमंत्री आवास का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा। यह तीन किस्तों में दिया जाता है। पहली किस्त मिलने के बाद आवास को नींव तक तैयार कराया जाता है। इसके बाद दूसरी किस्त दी जाएगी, जिससे पूरी दीवार खड़ी की करनी है। फिर तीसरी किस्त भेजी जाएगी जिससे छत बनाना है। : नई पात्रता सूची में शामिल परिवारों में से 1401 का पीएम आवास बनाने का लक्ष्य मिला है। यह ब्लाक स्तर से आवंटित किया जाना है। 91 पात्र परिवारों में से प्राथमिकता के तौर पर 1401 परिवारों का चयन किया जाएगा। - विजय प्रकाश वर्मा, पीडी।