‘शादी से नाखुश और शराब-बीड़ी की लत’, पति की जीभ काटने की वजह अंडा करी नहीं कुछ और ही निकली
गाजियाबाद के मोदीनगर में एक महिला ने पति की जीभ काट दी। पहले अंडा करी विवाद बताया गया, पर असल ...और पढ़ें

मोदीनगर में पत्नी ने दांतों से पति की चीभ काटी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। जनपद के मोदीनगर की संजयपुरी कॉलोनी में एक महिला ने अपने पति की चीभ दांतों से काटकर अलग कर दी। पति का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने घर में अंडा करी बनाने से मना किया था।
वहीं, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान जिसने भी युवक की कटी जीभ को बेड पर पड़ा देखा उसकी रूह कांप गई। वहीं, घटना से गुस्साए पड़ोसियाें ने आरोपी पत्नी व उसके परिवार के लोगों की धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी से नाखुश थी पत्नी
इस घटना के बाद यह बात भी सामने आई है कि पत्नी अपनी शादी से खुश नहीं थी। पीड़ित विपिन की शादी छह महीने पहले मेरठ के मलियाना फाटक की ईशा से हुई थी। सोमवार रात को ड्यूटी से विपिन आया तो ईशा ने घर में अंडा करी बनाने के लिए कहा। लेकिन विपिन ने मना कर दिया। कहा घर में अंडा करी कभी नहीं बनी है, अब भी नहीं बनेगी। उसने कुछ और बनाने को कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता देख विपिन की मां गीता व पति रामअवतार ने दोनों को किसी तरह समझाया। जिसके बाद विपिन और ईशा बिना कुछ खाए ही कमरे में सोने चले गए।
बताया गया कि रात में फिर से दोनों के विवाद बीच शुरू हो गया। इसी बीच ईशा ने दांतों से विपिन की जीभ काट दी। दर्द से कराहते हुए विपिन कमरे में तोड़फोड़ करने लगा। आवाज सुनकर गीता व रामअवतार उनके कमरे में पहुंचे तो विपिन खून से लथपथ हालत में था। पलंग पर जीभ का कटा हिस्सा पड़ा था। आनन-फानन में विपिन को मोदीनगर के अस्पताल ले जाया गया।
जबरन कराई ईशा की शादी
आसपास के लोगों ने बताया कि ईशा व विपिन के बीच शारीरिक संबंध बनाने को लेकर भी विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि ईशा विपिन को अपने करीब नहीं आने देती थी और शारीरिक संबंध बनाने से रोकती थी। यह बात परिवार को पता चली तो दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
वहीं, ऐसे में अंदेशा है कि सोमवार रात विपिन ने ईशा पर शारीरिक संबंधों के लिए दबाव बनाया हो, जिस पर ईशा ने जीभ काटी हो। विपिन के परिजनों को ईशा पर अवैध संबंधों का भी शक था। पिता रामअवतार ने बताया कि ईशा इस शादी से खुशी नहीं थी और उसने कहा था कि विपिन से जबरदस्ती शादी कराई गई है।
रात में हुई घटना सुबह 11 बजे पहुंची पुलिस
घटना रात में करीब एक बजे हुई। परिजनों ने रात में ही डायल 112 पर कॉल किया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हुई। इसके बाद सुबह तक वे विपिन के उपचार में लगे रहे। संजयपुरी कॉलोनी में पहुंचे तो ईशा ने पहले ही कॉल कर अपने परिवार के लोगों को वहां बुलाकर अंदर से कुंडी लगा ली थी। इस पर भी परिजनों ने डायल 112 पर कई बार कॉल किए, लेकिन कोई कॉल कनेक्ट नहीं हुई। इसी बीच ईशा व परिवार के लोगों ने विपिन के परिजनों पर पथराव कर दिया। बचाव में आसपास के लोग कूद पड़े। उन्होंने ईशा व उसके परिवार के लोगों की जमकर धुनाई कर दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लग गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस आई और मामला शांत कर ईशा को पकड़ा।
साहब... शराब व बीड़ी पीती है पुत्रवधू
विपिन की मां गीता ने थाने में एसएचओ को बताया कि उसकी पुत्रवधू ईशा शराब व बीड़ी पीती है। रोजाना विपिन पर शराब व बीड़ी लाने के लिए दबाव बनाती है। इंस्टाग्राम पर पूरे दिन रील बनाती है। रील बनाने को मना करने पर ईशा आत्महत्या की धमकी देकर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की बात करती थी।
एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि पीड़ित मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। ईशा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। विपिन अभी उपचाराधीन है ऐर आगे की कार्रवाई चल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।