विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले दिव्यांग क्रिकेटर राजा बाबू का संघर्ष, सुविधाओं के अभाव में कर रहे फूड डिलीवरी
राजा बाबू जैसे दिव्यांग क्रिकेटर, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं, आज भी परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले दिव्यांग क्रिकेटर राजा बाबू का संघर्ष ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
राजा बाबू ने व्हीलचेयर क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड बनाया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के बावजूद आर्थिक तंगी से जूझ रहे।
परिवार चलाने के लिए फूड डिलीवरी का काम कर रहे हैं।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। क्रिकेट की चमक-दमक के बीच कुछ ऐसे भी सितारे हैं, जो अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा चुके हैं।
भारतीय टीम के कुछ ऐसे ही सितारे हिम्मत के दम पर नाम बना चुके हैं। लेकिन, आज परिवार चलाने के लिए उन्हें खासा संघर्ष करना पड़ रहा है।
खिलाड़ियों को करना पड़ रहा संघर्ष
सुविधाएं न मिलने पर क्रिकेट के इन दिव्यांग सितारों में से कुछ ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रहे हैं, जबकि कुछ ने उत्पादों की डिलीवरी को अपनी जीविका बना लिया है।
इनमें से एक राजा बाबू ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि वह व्हीलचेयर क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ हुई सीरीज में 49 गेंद पर 150 रन बना चुके हैं। साल 2024 में खेली गई सीरीज के अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्होंने रिकार्ड बनाया था।
उस मैच में उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था। इससे जिंदगी में खास बदलाव नहीं आया और आज भी उन्हें जीवन यापन करने के लिए फूड डिलीवरी करनी पड़ती है।
राजा बाबू ने बताया कि करीब सात-आठ साल की उम्र में ट्रेन हादसे में पैर काटना पड़ा था। उस समय में वो कक्षा तीन में पढ़ाई कर रहे थे। उस समय कक्षा में विद्यार्थी उन्हें पैर कट जाने के कारण चिढ़ाते थे। पढ़ाई छोड़कर काम में लग गए।
संघर्षों से भरी रही जिंदगी
वह अपने दोस्त माेनू जाट को क्रिकेट खेलते देखते थे, तो उन्होंने भी क्रिकेट खेलने का मन बना। दोस्त जिस मैच में खेलता था, वो मुझे खिलाने की शर्त पर मैच खेलता था। इस पर उन्हें खेलना का मौका मिला। जब व्हीलचेयर क्रिकेट का चलन शुरु हुआ तो उन्होंने भी ट्रायल दिया और उनका चयन हो गया।
भारतीय टीम के लिए वो बांग्लादेश और श्रीलंका से हुई सीरीज खेल चुके हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने बांग्लादेश सीरीज खेली। वर्ष 2024 में श्रीलंका से हुई सीरीज में 49 गेंद पर 150 रन बनाए जो अंतरराष्ट्रीय मैच में विश्व रिकार्ड है।
राजा बाबू ने बताया कि उन्होंने मोटराइज्ड ट्राइ साइकिल के लिए आवेदन कर रखा है। हालांकि, अभी तक उन्हें नहीं मिली है। 25 सितंबर से उनकी पूर्व में समाजसेवी से मिली ट्राइसाइकिल खराब हो गई है।
उसी से वो फूड डिलीवरी कर जीवन यापन कर रहे थे। अब वो काम भी बंद हो गया है। राजा बाबू ने बताया कि काम बंद होने के कारण बेटे की फीस जमा नहीं कर सके हैं। इस कारण पीटीएम में नहीं जा सके। इसका उनको मलाल है।
