निजी वेंडर ने लगाया निगम के कर्मचारियों पर वसूली का आरोप
जागरण संवाददाता साहिबाबाद निजी वेंडरों पर कूड़ा उठाने पर रोक लगाने के बाद नगर निगम
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : निजी वेंडरों पर कूड़ा उठाने पर रोक लगाने के बाद नगर निगम के कर्मचारियों पर नए तरीके से वसूली करने का आरोप है। एक निजी महिला वेंडर ने आरोप लगाया है कि निगम की कूड़ा गाड़ी के चालक उनसे आठ हजार रुपये प्रति माह देने की मांग कर रहे हैं। बदले में वह निजी वेंडरों के ठेले से कूड़ा अपनी गाड़ी में भरवा लेंगे। महिला का यह वीडियो सोमवार के इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कूड़े की गाड़ी खड़ी हुई है। सड़क पर खड़ा कर ठेले से कूड़ा गाड़ी में डाला जा रहा है। ठेले में कूड़ा उठाने वाली महिला का कहना है कि वसुंधरा सेक्टर आठ में आवास विकास की जमीन पर कूड़ा डालना बंद करा दिया है। इससे करीब 150 लोग प्रभावित हैं। आरोप है कि निगम की गाड़ी का ठेकेदार और सुपरवाइजर आठ हजार रुपये प्रति माह मांग रहे हैं। वीडियो में ट्रांस हिडन आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा भी दिख रहे हैं। वह महिला से नगर निगम कर्मचारियों द्वारा की जा रही वसूली के संबंध में सवाल कर रहे हैं। यह वीडियो सोमवार को आरडब्ल्यूए के वाट्सएप ग्रुप में चलता रहा। लोगों ने इस वीडियो को ट्विटर पर भी शेयर किया। नगर निगम ने संज्ञान लेकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। फेडरेशन के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि निजी वेंडरों पर रोक लगाकर नगर निगम के कर्मचारियों ने वसूली करने का नया खेल शुरू किया है। 20 सालों से जुड़े निजी सफाईकर्मियों का शोषण किया जा रहा है। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई कराई जाएगी।