विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाबूगढ़ के उपैड़ा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, पथराव और फायरिंग से दहशत

Published: Sun, 18 Oct 2026 12:34 PM (IST)

बाबूगढ़ के उपैड़ा गांव में शराब पीकर गाली-गलौज के विरोध पर दो पक्षों में जमकर पथराव, मारपीट और फायरिंग हुई।

बाबूगढ़ के उपैड़ा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष ( एआई जेनरेटेड इमेज )

बाबूगढ़ के उपैड़ा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. शराब विवाद पर उपैड़ा गांव में दो पक्षों में झड़प।

  2. पथराव, मारपीट और फायरिंग से गांव में मची अफरा-तफरी।

  3. पुलिस ने चार को हिरासत में लिया, 20 पर केस।

संवाद सहयोगी, बाबूगढ़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम उपैड़ा में शनिवार रात शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट शुरू हो गई।

इस दौरान फायरिंग होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में नितिन और आशीष घायल हो गए। सूचना पर बाबूगढ़ और सिंभावली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उपनिरीक्षक की तहरीर पर 20 नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना

बाबूगढ़ थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के अनुसार, शनिवार रात ग्राम उपैड़ा में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की सूचना मिली थी।

पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो तालाब के पास ट्रांसफॉर्मर के जोड़े के सामने गली में आम रास्ते पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दी गईं और फायरिंग भी की गई।

दहशत में लोगों ने बंद किए घरों के दरवाजे

विवाद के दौरान मौके पर भगदड़ मच गई। दहशत के चलते महिलाओं और पुरुषों ने अपने घरों के दरवाजे व खिड़कियां बंद कर लीं, जबकि दुकानदार दुकानें बंद कर वहां से चले गए।

पुलिस के समझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने पथराव में इस्तेमाल ईंट-पत्थर और कुछ चप्पलें कब्जे में लीं।

पुलिस ने गांव में लगाई पिकेट

पथराव और फायरिंग की सूचना पर थाना प्रभारी बाबूगढ़ प्रवीण कुमार और सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

गांव में पुलिस पिकेट तैनात की गई। पुलिस ने आरोपितों के घरों पर दबिश दी, लेकिन कई घरों पर ताले लगे मिले। पुलिस के अनुसार, विवाद में नितिन और आशीष घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार दिलाया गया है।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर 20 नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में प्रेमी की रिहाई के लिए विद्युत टावर पर चढ़ी किशोरी, पुलिस ने चार घंटे बाद उतारा