प्राइमरी स्कूल से पंखे, कैरम बोर्ड व गेंद ले गए चोर
सिहानी गेट थानाक्षेत्र स्थित प्राइमरी स्कूल से चोर पंखे कैरम बोर्ड व कई गेंद बदमाश चोरी कर ले गए। आरोपितों ने स्कूल में काफी तोड़फोड़ भी की। घटना शुक्रवार रात नगला फिरोज मोहनपुर स्थित स्कूल की है। शनिवार सुबह स्कूल की अध्यापक मौके पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सिहानी गेट थानाक्षेत्र स्थित प्राइमरी स्कूल से चोर पंखे, कैरम बोर्ड व कई गेंद बदमाश चोरी कर ले गए। आरोपितों ने स्कूल में काफी तोड़फोड़ भी की। घटना शुक्रवार रात नगला फिरोज मोहनपुर स्थित स्कूल की है। शनिवार सुबह स्कूल की अध्यापक मौके पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राइमरी स्कूल की हेड मास्टर सुकांती कुमारी सिंह ने बताया कि गर्मी शुरू होने के कारण उन्होंने वाल फैन मंगाए थे। दो पंखे अलग-अलग क्लासरूम में रखे थे, जिन्हें लगाने के लिए शनिवार को इलैक्ट्रीशियन आने वाला था। स्कूल में शनिवार सुबह वह पहुंची तो दो क्लास रूम के ताले टूटे मिले और यहां रखे दोनों पंखे गायब थे। बच्चों के खेलने के लिए उनके द्वारा खरीदा गया कैरम बोर्ड भी गायब था। इसके अलावा स्टोर रूम की खिड़की का एक हिस्सा तोड़कर उसमें रखी गेंदों के दो पैकेट भी चोर ले गए। आफिस में उनका लैपटॉप, म्यूजिक सिस्टम व दो-तीन पंखे और रखे थे। गनीमत रही कि चोर आफिस का लॉक नहीं तोड़ पाए।
खराब है स्कूल का मुख्य द्वार
चोर मुख्य द्वार से ही स्कूल में दाखिल हुए और उन्हें इसे तोड़ना भी नहीं पड़ा। ताला लगाने के बाद भी दोनों दरवाजों के बीच इतनी जगह हो जाती है कि उसमें से एक व्यक्ति आसानी से अंदर चला जाता है। इसके अलावा स्टोर रूम की खिड़की का भी एक गेट पहले से टूटा हुआ था। एसएचओ सिहानी गेट संजय पांडे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।