बीमा कंपनी के दफ्तर में लगी आग, लाखों का नुकसान
बृज विहार स्थित देविका टावर के छठीं मंजिल पर शुक्रवार शाम एक बीमा कंपनी के दफ्करर में आग लग गई। आग लगने के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पांचवीं छठीं और सातवीं मंजिल को आनन फानन में खाली कराया गया। मौके पर पहुंची आठ दमकल की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के दौरान एक कर्मचारी को चोट आ गई। शार्ट-सर्किट से एसी में आग लगी थी। वहीं इंदिरापुरम में एसी का कंप्रेशर फटने से दुकान का एक कर्मचारी घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : बृज विहार स्थित देविका टावर के छठीं मंजिल पर शुक्रवार शाम एक बीमा कंपनी के दफ्तर में आग लग गई।
देविका टावर के पांचवीं और छठीं मंजिल पर एक बीमा कंपनी का दफ्तर है। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे छठी मंजिल पर लगे एसी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई। धुएं से लोगों का दम घुटने लगा। आनन फानन में पांचवीं, छठीं और सातवीं मंजिल को खाली कराया गया। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। नेत्रपाल नाम का एक कर्मचारी आग बुझाने के दौरान शीशा लगने से घायल हो गया। उसके हाथ में टांके लगे हैं।
कर्मचारियों की सूचना पर वैशाली, साहिबाबाद और घंटाघर से आठ दमकल मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक आग बुझी छठीं मंजिल पर रखे कंप्यूटर, लैपटॉप व महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। गनीमत रही की आग अन्य किसी दफ्तर तक नहीं पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि शार्ट-सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
-------
एसी का कंप्रेशर फटा, कर्मचारी घायल :
इंदिरापुरम के न्यायखंड-दो में शुक्रवार दोपहर एक दुकान पर एसी का कंप्रेशर फट गया। इस दौरान एसी रिपेयर कर रहा कर्मचारी घायल हो गया। घायल कर्मचारी दिनेश कुमार को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।