विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में शगुन स्वीट्स पर खाद्य विभाग की छापामारी, खराब रसगुल्ले से बिगड़ी युवक की हालत

Published: Thu, 05 Mar 2026 06:04 AM (IST)

गाजियाबाद के मोदीनगर में शगुन स्वीट्स पर खराब रसगुल्ला बेचने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा। एक ...और पढ़ें

मोदीनगर में स्वीट्स की दुकान पर छापामारी। जागरण

मोदीनगर में स्वीट्स की दुकान पर छापामारी। जागरण

जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के मोदीनगर में राज चौपले पर स्थित शगुन स्वीट्स से ग्राहक को खराब रसगुल्ला बेचने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार दोपहर दुकान पर छापेमारी की। इस रसगुल्ले को खाने से युवक की तबीयत बिगड़ गई थी। रसगुल्ले से दुर्गंध आने का आरोप है।

छापामारी के दौरान टीम ने रसगुल्ले के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। एक महीने पहले भी शगुन स्वीट्स की जलेबी में बाल निकलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मोदीनगर की सौंदा रोड स्थित देवनगर कालोनी के गगन शर्मा के मुताबिक, उन्होंने सोमवार शाम को शगुन स्वीट्स से आधा किलो रसगुल्ले खरीदे थे। घर जाकर उन्होंने एक रसगुल्ला खाया। उसमें उन्हें दुर्गंध आई। कुछ ही देर बाद उनके पेट में दर्द होने लगा। तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने चिकित्सक से दवा ली। कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ रसगुल्ले लेकर शगुन स्वीट्स पर पहुंचे और शिकायत की। लेकिन वहां उनकी एक नहीं सुनी।

वहीं, इस पर गगन की तरफ से मंगलवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत की गई। दोपहर के समय टीम शगुन स्वीट्स पर छापेमारी करने पहुंच गई। प्राथमिक जांच में रसगुल्ले खराब मिले। मैनेजर को बुलाकर टीम ने पूछताछ की।

इसके बाद रसगुल्ले का सैंपल टीम ने लिया और सील कर जांच को भेज दिया। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि यह खराब रसगुल्ला कितने ही लोगों को मोदीनगर में बेचा गया होगा। दुकान के मैनेजर विकास कुमार का कहना है कि गलती से खराब रसगुल्ले की ट्रे काउंटर पर लग गई थी, उसी में से रसगुल्ले बेचे गए। खराब रसगुल्ले की जानकारी मिलते ही ट्रे को बदल दिया गया था।

जलेबी में बाल मिलने का वीडियो हुआ था वायरल

शगुन स्वीट्स मोदीनगर में करीब तीन महीने पहले ही शुरू हुआ है। लेकिन तीन महीने में कई बार यहां मिठाई की गुणवत्ता को लेकर आरोप लग चुके हैं। एक महीने पहले ही सोशल मीडिया पर शगुन स्वीट्स का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जलेबी के अंदर से बाल निकल रहा था। वीडियो पर लोगों ने खूब प्रतिक्रियाएं दी थी।

शिकायत पर शगुन स्वीट्स पर छापेमारी की गई है। यहां से रसगुल्ले के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - महेंद्रप्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा निरीक्षक