नगर निगम कार्यालय के पास बह रहा सीवर, जीना मुहाल
वसुंधरा सेक्टर - 11 में नगर निगम कार्यालय से करीब सौ मीटर की दूरी पर 15 दिनों से सीवर उफन रहा है। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों का जीना दूभर हो रहा है, फिर भी नगर निगम के अधिकारी सफाई नहीं करा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : वसुंधरा सेक्टर - 11 में नगर निगम कार्यालय से करीब सौ मीटर की दूरी पर 15 दिनों से सीवर उफन रहा है। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों का जीना दूभर हो रहा है, फिर भी नगर निगम के अधिकारी सफाई नहीं करा रहे हैं।
वसुंधरा सेक्टर - 11 में एमएल - 1 (कुमार रेजीडेंसी) के पीछे से सनराइज मॉल को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग है। यहां एमएल - तीन के पास करीब 15 दिनों से मैनहोल से सीवर बह रहा है। सीवर का पानी सड़क पर भरा है। सड़क पर बुरी तरह से कीचड़ फैल गया है। उसमें काई जम गई है। लोग सड़क से गुजर नहीं पा रहे हैं। कीचड़ की वजह से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बहुत दिक्कत हो रही है। बदबू उठने से आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। मच्छर जनित व संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना है। इसकी नगर निगम में शिकायत की गई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि जल्द ही सीवर लाइन की सफाई कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।