हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की हत्या मामले में आरोपित गिरफ्तार
साहिबाबाद में हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता आयुष की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-1792295795254_m.webp)
हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता आयुष की हत्या में चार गिरफ्तार ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता आयुष की हत्या।
साहिबाबाद में जमीन विवाद के कारण हुई।
चार आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद।
अजय सक्सेना, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एमएमएक्स माल के पास विवाद में मारपीट के दौरान गोली चलने से हुई हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दिया है।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आयुष की मौत के मामले में राहुल साहनी, नोमिता शर्मा, उसके बेटे राहुल शर्मा और नोमिता के दामाद नरेश अरोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर व कारतूस भी बरामद हुए हैं।
बता दें कि नोमिता शर्मा ने एमएमएक्स माल के पास पुराने बैंक्वट हाल पर प्लाटिंग की है। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने दो साल पहले अपनी पत्नी के नाम 180 वर्गगज का प्लाट खरीद था।
प्लॉट के बराबर में 280 वर्ग गज का एक प्लॉट है। पिंकी चौधरी उस प्लाट को ग्रीन बेल्ट बताते हैं, जबकि नोमिता शर्मा उसे अपना प्लाट बताती आ रही है।
शुक्रवार दोपहर पिंकी चौधरी का बेटा सूर्या, दिल्ली गोकलपुरी संजय कालोनी निवासी आयुष और गोलू प्लाट की सफाई करा रहे थे। तभी नोमिता शर्मा, राहुल साहनी, नरेश अरोड़ा, राहुल शर्मा कुछ अन्य के साथ वहां पहुंचे थे। जहां सफाई करने से मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट
मारपीट के दौरान राहुल साहनी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी थी। गोली लगने से आयुष की मौत हो गई थी। सूर्या ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि शनिवार शाम आयुष का शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया। देर शाम उसका दिल्ली में अंतिम संस्कार किया गया है।
हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पिकेट बनाया है। पुलिस ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि पहले भूमि की पैमाइश कराई जाएगी।
उसकी रिपोर्ट के आधार दोनों पक्षों के विवाद का निस्तारण किया जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही निर्माण कार्य की अनुमति दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- भाजपा के सामने धर्मसंकट: सुभासपा ने मंत्री अनिल राजभर की सीट सहित 33 विधानसभा सीटों पर ठोका दावा
