हत्या का प्रयास सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज, छह गिरफ्तार
जागरण संवाददाता साहिबाबाद थाना क्षेत्र की पप्पू कालोनी में शुक्रवार की रात बच्चों के विवाद
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : थाना क्षेत्र की पप्पू कालोनी में शुक्रवार की रात बच्चों के विवाद के बाद हुए पथराव के मामले में पुलिस ने एक पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर छह नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शनिवार को छह नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पप्पू कालोनी में रहने वाले रोशन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब तक की फुटेज से हुमायूं, जुबेर, दिलशाद उर्फ दिल्लू और आदिल की शिनाख्त हुई है। इन चारों के साथ ही नामजद आरोपित पवन व मज्जू को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य अज्ञात आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
-------
पुलिस ने दिया कड़ा संदेश : इस मामले में पुलिस ने हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट के अलावा 7 ला क्रिमिनल एमेंडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कानून के जानकारों की माने तो यह गंभीर धाराएं हैं। आरोपितों को छह माह तक जमानत मिलनी मुश्किल है। इससे साबित हो रहा है कि पुलिस ने कड़ी कार्रवाई कर लोगों को संदेश दिया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के साथ सख्ती बरती जाएगी।
---------
पुलिस रख रही है नजर : पप्पू कालोनी में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर नजर बनाए है। मुखबिर सक्रिय किए गए हैं। बता दें कि शुक्रवार रात में पप्पू कालोनी में रोशन व पवन के बीच मामूली कहासुनी पर विवाद हो गया था। उसके बाद मारपीट व पथराव हुआ था। पांच थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था।