मानवता को बचाने के लिए जान गंवाने वालों को याद किया
जासं गाजियाबाद केंद्रीय आर्य युवक परिषद ने बुधवार को विश्व मानवतावादी दिवस पर ऑनलाइन गोष्ठी
जासं, गाजियाबाद : केंद्रीय आर्य युवक परिषद ने बुधवार को विश्व मानवतावादी दिवस पर ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन किया। मुख्य अतिथि दिल्ली पुलिस के पूर्व उपायुक्त सीबी सुरतिया ने कहा कि हर वर्ष 19 अगस्त को यह दिवस उन व्यक्तियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने मानवता को बचाने के लिए अपनी जान गंवाई। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि वर्तमान में विश्व भर में फैली अशांति के चलते आमजन विस्थापित हो रहे हैं। दुनिया में ऐसे व्यक्तियों की संख्या करीब साढ़े छह करोड़ से अधिक है। ऐसे में महिलाओं का उत्पीड़न होता है और उनका अपमान किया जाता है। बच्चे भी गलत राह पर चलते जाते हैं। बहुत से व्यक्ति हैं, जो महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। बच्चों को बचा रहे हैं। इस अवसर पर आर्य समाज के नियमों की जानकारी दी गई। गोष्ठी की अध्यक्षता विजयारानी शर्मा ने की। इसमें महेंद्र, यशोवीर, प्रकाशवीर शास्त्री आदि शामिल हुए।