रक्षाबंधन पर गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रक्षा बंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच विशेष ट्रेन चलाने ...और पढ़ें

गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन। फोटो: सांकेतिक
HighLights
रक्षा बंधन पर गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
यह ईएमयू ट्रेन 27 और 28 अगस्त को दोनों दिशाओं में चलेगी
त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को कम करने में सहायक
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। रक्षा बंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच रक्षा बंधन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 27 और 28 अगस्त को दोनों दिशाओं में संचालित होगी। ट्रेन में 12 कोच की ईएमयू होगी।
ट्रेन 04412 गाजियाबाद-अलीगढ़ स्पेशल ट्रेन 27 और 28 अगस्त को गाजियाबाद से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 11 बजे गाजियाबाद से रवाना होकर दोपहर एक बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन सभी स्टेशनों पर रुकते हुए जाएगी।
कितने बजे रवाना होगी ट्रेन?
वापसी में यह 04411 अलीगढ़-गाजियाबाद स्पेशल ट्रेन 27 और 28 अगस्त को अलीगढ़ से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और शाम चार बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। इस तरह यात्रियों को दोनों दिशाओं में अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
ट्रेन की दूरी करीब 106.02 किलोमीटर होगी। गाजियाबाद से अलीगढ़ पहुंचने में ट्रेन को करीब दो घंटे लगेंगे। वापसी में अलीगढ़ से गाजियाबाद की यात्रा करीब दो घंटे 30 मिनट में पूरी होगी।
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग गाजियाबाद, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से अलीगढ़ के रास्ते में पड़ने वाले शहरों की ओर जाते हैं। वापसी में भी यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ने की आशंका रहती है। अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
