'नॉन इश्यू को इश्यू बना रहा विपक्ष', गाजियाबाद में राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर किया हमला
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद में सेवा ज्योति अभियान के दौरान विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

केंद्रीय रक्षा मंत्रीा राजनाथ सिंह, जागरण।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को गाजियाबाद स्थित राम लीला मैदान पहुंचे। जहां उन्होंने आयोजित कार्यक्रम सेवा ज्योति अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि देश में आजकल विपक्षी दल नॉन इश्यू को इश्यू बनाने में लगे हैं। वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि जनता में भ्रम की स्थिति बने, लेकिन उनको इतना नहीं पता है कि देश के किसान और नौजवान आर्थिक दृष्टि से भले कमजोर हों लेकिन राजनीतिक दृष्टि से कमजोर नहीं हैं।
भारत की बात अब दुनिया सुनती है
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के लोग सही तथ्य को जानते हैं। उन्होंने कहा की 12 साल पहले भारत अर्थव्यवस्था के मामले में देश के 12वें नम्बर पर आता था, लेकिन आज विश्व मे शीर्ष पांच अर्थव्यवस्था वाले देशों में भारत की गिनती होती है।
उन्होंने कहा कि पहले जब भारत बोलता था उसकी बातों को दुनिया तवज्जो नही देती थी लेकिन आज का भारत अलग है। आज का भारत जब सीना ठोंककर बोलता है तो दुनिया कान लगाकर उसे सुनती है।
पीएम मोदी के कार्यकाल में हर क्षेत्र में हुइ प्रगति
पीएम मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
आज से 25 साल पहले जब नरेन्द्र मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे थे, तब मैं उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री था। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में मुझे भी आमंत्रित किया था, मैं वहां पर गया तो जनता के बीच जो उमंग और उल्लास देखा, वह अभूतपूर्व था।
पीएम मोदी के दीर्घायु की कामना
रक्षा मंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति दो तीन साल मुख्यमंत्री का कार्यकाल पूरा करता है तो उस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगते हैं लेकिन मैं आज यह कहता हूं कि देश ही नही दुनिया मे कोई माई का लाल ऐसा नही है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 साल के कार्यकाल में उनके ऊपर भ्रष्टाचार को लेकर उंगली उठा सके।
उन्होंने कहा कि परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीर्घायु हों और लंबे समय तक देश के प्रधानमंत्री के पद पर आसीन रहें।
विकसित भारत 2047 का सपना
उनका विकसित भारत 2047 का सपना जल्द पूरा हो और भारत दुनिया मे अर्थव्यवस्था के मामले में पहले पायदान पर आए। कार्यक्रम के अंत में सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा को घंटाघर रामलीला मैदान से सभी विधायक अपनी अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र में लेकर गए।
