विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'...10 मिनट के सफर में लग रहे 40 मिनट', रोडवेज बसों के ड्राइवर की दादागिरी से लोग परेशान

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:42 AM (IST)

एनएच-9 पर रोडवेज बसों के बेतरतीब खड़े होने से नोएडा सेक्टर-62, यूपी गेट और डासना के '...10 मिनट के सफर ...और पढ़ें

रोडवेज बसों के चालकों से परेशान लोग (एआई जेनरेटेड इमेज)

रोडवेज बसों के चालकों से परेशान लोग (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. एनएच-9 पर रोडवेज बसें बेतरतीब खड़ी होकर जाम का कारण बनती हैं।

  2. चालक यात्रियों के इंतजार में बसें रोकते हैं, जिससे लंबा जाम लगता है।

  3. यातायात पुलिस और परिवहन निगम के प्रयास भी समस्या हल नहीं कर सके।

राहुल कुमार, साहिबाबाद। एनएच-नौ पर नोएडा सेक्टर-62, यूपी गेट और डासना के पास रोडवेज बसें बेतरतीब खड़ी रहती हैं। इससे लोगों को रोजाना जाम में जूझना पड़ रहा है। महज पांच से 10 मिनट के सफर को तय करने में कई बार 30 से 40 मिनट लग जाते हैं।

यहां खड़ीं बसों को देखकर लगता है कि एनएच-नौ रोडवेज बसों के लिए अड्डा बन गया है। हर समय एक साथ आठ से 10 बसें एक-दूसरे से सटकर खड़ी हो रही हैं। बुधवार को भी यहां रोडवेज बसें लाइन लगाकर खड़ी मिलीं।

रोडनेज बसों को रोकने के लिए बनाए गए स्टॉप

रोडवेज बसों के रुकने के लिए एनएच-नौ पर स्टॉप नहीं बनाए गए हैं। इसके बाद भी यहां जगह-जगह बसें खड़ी हो रही हैं। करीब पांच माह पहले यातायात पुलिस ने परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखा था कि बसों को एनएन-नौ पर ज्यादा देर न रोका जाए।

यात्रियों को बैठाकर आगे बढ़ती रहनी चाहिए। इस पर परिवहन निगम ने चालकों की मनमानी रोकने के लिए अपने स्तर से एक प्रवर्तन दल भी गठित किया और उनकी 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई। इसके बाद भी बसें बीच मार्ग पर खड़ी हो रही हैं।

बुधवार को दैनिक जागरण की टीम ने पड़ताल की तो करीब 20 मिनट से आधे घंटे तक बसें खड़ी रहीं। कई रूट की बसें तो आधे घंटे तक खड़ी रहीं। नोएडा सेक्टर-62 और यूपी गेट बस लेकर खड़े चालकों का कहना था कि यात्रियों का इंतजार कर रहे हैं। यात्री मिलने पर ही आगे चलेंगे।

यात्री कम होने पर लगता है जुर्माना, बोले चालक

चालकों का कहना है कि अगर बस में सीट के सापेक्ष 55 प्रतिशत यात्री नहीं होंगे तो अधिकारी जुर्माना लगा देते हैं। वहीं, परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि बस को धीमी गति से करके ही या एक-दो मिनट साइड में रोक कर ही यात्री बैठाने का आदेश है। अगर चालक-परिचालक फिर भी मनमानी कर रहे हैं तो ऐसे चालकों की सूची तैयार कर कार्रवाई करेंगे।

तिरछी खड़ीं बसों से आधा मार्ग हो रहा प्रभावित 

एनएच-नौ पर कई बार बसें तिरछी खड़ी दिखती हैं। इससे आधा मार्ग पूरी तरह से प्रभावित हो जाता है। वाहन सड़क पर रेंगते रहते हैं। लोग अगर विरोध करते हैं, तो वह उनसे सरकारी बस होने की बात कहकर लड़ना शुरू कर देते हैं। यातायात पुलिस का भी इन पर ध्यान नहीं जाता।


एनएच-नौ पर हर समय जाम की समस्या बनी रहती है। रोडवेज बस समेत तमाम डग्गामार वाहन खड़े रहते हैं। इस समस्या से समाधान मिलना चाहिए।-संदीप रंजन

जाम की समस्या से रोजाना जूझना पड़ रहा है। इसको लेकर कई बार संबंधित विभागों में शिकायत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।-ऋषिकेश सिन्हा

जब भी नोएडा जाता हूं, तो जाम में फंस जाता हूं। रोडवेज बसें तो तिरछी होकर खड़ी रहती हैं। विरोध करने पर चालक झगड़ा करते हैं।-आशीष कुमार

एनएच-नौ पर जाम लगना कोई एक दिन की समस्या नहीं है। इस समस्या से निदान के लिए यातायात विभाग को ठोस योजना बनाकर कार्य करना होगा।-अनमोल शर्मा

पुलिस-प्रशासन द्वारा बसों के लिए एक लाइन निर्धारित की है। इस लाइन में बस खड़ी करके ही यात्रियों को बैठा सकते हैं। इसके लिए प्रवर्तन दल भी बनाया गया है। गलत तरीके से बसों को खड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।-अंशु भटनागर, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, कौशांबी डिपो

बसों को खड़ा कराने के लिए एनएच-9 पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वह बसों को बैरिकेड्स के भीतर खड़ा कराते हैं। त्रिगुण बिसेन, डीसीपी यातायात, गाजियाबाद

यह भी पढ़ें- दीवाली की सफाई में बेकार समझकर न फेंकें ये 6 चीजें, Home Decor में आ सकती हैं बड़े काम