विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghaziabad Crime: गाजियाबाद में चोरों का आतंक, पुलिस मुठभेड़ में 3 चेन स्नेचर और स्थानीय लोगों ने 2 को पकड़ा

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Fri, 11 Nov 2022 10:33 AM (IST)Updated: Fri, 11 Nov 2022 03:36 PM (IST)

Ghaziabad Crime गाजियाबाद में चोरों ने लोगों के नाक में दम कर रखा है। प्रशासन का खौफ उस कदर खत्म ...और पढ़ें

गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के भाटिया मोड़ के पास शुक्रवार तड़के पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश सड़कों पर घूमकर राहगीरों से लूटपाट करते हैं। पुलिस ने आराेपितों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, लूट गई टूटी हुई आधी चेन, 15 हजार रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। दोनों घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूछताछ के आधार पर इनके गिरोह के अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी ले रही है।

चोरों ने पुलिस पर की फायरिंग

सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस शुक्रवार तड़के भाटिया मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक स्पलेंडर बाइक पर तीन संदिग्ध लोग आए। पुलिस ने इन्हें रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायर कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर फायरिंग की तो दो बदमाशों को गोली लगी। पुलिस ने तीनों बदमाशों को पकड़ लिया।

बदमाशों की पहचान मोदीनगर श्याम सिंह विहार के लवली उर्फ लक्ष्मण, राहुल व कपिल के रूप में हुई है। लवली व राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश पूर्व में चोरी, लूट व डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं। लवली पर पूर्व में विभिन्न थानों में छह, राहुल पर पांच और कपिल पर दो मुकदमे हैं।

इंदिरापुरम में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास

वहीं दूसरी तरफ इंदिरापुरम में अभय खंड पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े चोरी का प्रयास कर रहे पांच चोरों में से दो को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। मौके से भागे तीन चोरों को 48 घंटे बाद भी पुलिस पकड़ नहीं पाई। पकड़ना ताे दूर उनके बारे में सटीक जानकारी तक नहीं जुटा पाई।

साढ़े छह घंटे हंगामे का भी असर नहीं 

अभय खंड पुलिस चौकी से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे निजी कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक विकास पांडेय के फ्लैट में पांच चोर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। उनकी पत्नी ने चोरों को देखकर शोर मचाया तो उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। शोर सुनकर एकत्रित स्थानीय निवासियों ने उनमें से दो चाेरों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।

चोरों की पहचान कामना, वैशाली के आशु मलिक और सीमापुरी, दिल्ली के आरिफ के रूप में हुई। उस समय न्याय खंड-एक में तीन फ्लैटों में चोरी करने की कोशिश हुई थी। इससे गुस्साए लोगों ने करीब साढ़े छह घंटे तक अभय खंड पुलिस चौकी पर हंगामा किया था। डेढ़ घंटे तक सड़क जाम की थी। बावजूद इसके पुलिस पर कोई असर नहीं हुआ। पुलिस फरार चोरों को पकड़ नहीं पाई।

प्रदर्शन करेंगे लोग

स्थानीय निवासी राजन पांडेय, विकास पांडेय, राजेश, किशोर सहित अन्य ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन चोरी हो रही है। 15 दिनों में तीन चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंप चुके हैं। बावजूद इसके पुलिस इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। फरार चोरों को नहीं पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि जल्द ही चोरियों पर अंकुश नहीं लगा तो पुलिस के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

इंदिरापुरम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई है। उन्होंने फरार आरोपितों के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। छानबीन की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद के सद्दाम ने मौका मिलते ही हथौड़े से की पत्नी की हत्या, पुलिस से बोला- कोई मलाल नहीं

Ghaziabad: गाजियाबाद में छात्र को स्कूल से लौटाया तो घर आकर लगाई फांसी, पिता बोले अपमान किया स्कूल बोला- झूठ