विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghaziabad: मुंहबोले फूफा ने दरिंदगी के बाद हत्या कर पूजाघर में छिपाया था बच्ची का शव, पूछताछ में कबूला गुनाह

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Tiwari
Published: Wed, 15 Mar 2023 02:43 PM (IST)

आरोपित की पत्नी ने मुंहबोले भाई की 28 जनवरी को मौत होने के बाद चार वर्षीय बच्ची को पालन-पोषण के ...और पढ़ें

Ghaziabad: मुंहबोले फूफा ने दरिंदगी के बाद हत्या कर पूजाघर में छिपाया था बच्ची का शव
Ghaziabad: मुंहबोले फूफा ने दरिंदगी के बाद हत्या कर पूजाघर में छिपाया था बच्ची का शव

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 11 मार्च को लापता हुई चार साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या करने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को राजफाश कर दिया। मासूम बच्ची के पालनहार ने ही वारदात को अंजाम दिया था। दिनभर शव को घर में छिपा कर रखा। रात में दोस्त की मदद से स्कूटी पर शव को बैग में रखकर घर से करीब डेढ़ किमी दूर जंगल में फेंक दिया।

पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और कमरे में मिले खून के धब्बे से आरोपित पर शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने उसे और उसके दोस्त के साथ गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली।

ऐसे आया पकड़ में

पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन विवेक चंद यादव ने बताया कि आरोपित की क्षेत्र में मोबाइल की दुकान है। तीन सौ मीटर दूर वह पत्नी और 10 साल के बेटे व छह साल की बेटी के साथ रहता है। आरोपित की पत्नी ने मुंहबोले भाई की 28 जनवरी को मौत होने के बाद चार वर्षीय बच्ची को पालन-पोषण के लिए अपने पास रख लिया था। 11 मार्च को आरोपित (मुंहबोले फूफा) की पत्नी दुकान पर चली गई।

आरोपित ने 10 साल के बेटे और छह साल की बेटी को मिठाई लाने बाहर भेज दिया। दोपहर में 12 से एक बजे के बीच में चार साल की बच्ची से घर में दरिंदगी की। बच्ची ने इस बारे में बुआ से बताने को कहा तो उसने बच्ची को जोर से गाल पर थप्पड़ मार दिया। बच्ची जमीन पर गिर गई, उसके सिर में चोट आई और नाक से खून निकलने लगा। वह बेहोश हो गई। उसने उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पूजा घर में छिपा दिया। तभी दोनों बच्चे आ गए। उसने दोनों को पराठे बनाकर खिलाए और दुकान पर चलने को कहा। खुद स्कूटी पर सवार होकर दुकान पर चला गया। इसके बाद दुकान पर जब दोनों बच्चे पहुंचे तो आरोपित ने कहा कि चार साल की बच्ची कहां गई।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

बच्ची के लापता होने की कहानी बनाई और अपने दोस्त व पत्नी के साथ मिलकर ढूंढने का नाटक करने लगा। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाली तो उसके घर से दोनों बच्चे जाते दिखे। वह तीनों बच्चों के घर से निकलने की बात पुलिस को बताता रहा। इसके बाद पुलिस को शक हुआ तो घर पहुंचकर जांच की। पूजा घर में सफाई की हुई मिली।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया तो केमिकल डालकर जांचा गया तो खून के साफ किए गए दाग मिल गए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की। तब आरोपित ने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले दोस्त को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।