विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghaziabad: खोड़ा में 10 लाख की आबादी को सीवर और पेयजल की समस्या से मिलेगी राहत, वाटर प्लांट के लिए खरीदी गई जमीन

Published: Tue, 26 Dec 2023 07:39 AM (IST)

इस जमीन की कीमत करीब 22.63 करोड़ रुपये है। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लगने से खोड़ा के लोगों को सीवर ...और पढ़ें

खोड़ा में 10 लाख की आबादी को सीवर और पेयजल की समस्या से मिलेगी राहत
खोड़ा में 10 लाख की आबादी को सीवर और पेयजल की समस्या से मिलेगी राहत

HighLights

  1. नगर पालिका ने एसटीपी प्लांट के लिए नोएडा प्राधिकरण से ली है जमीन
  2. 22.63 करोड़ रुपये से 16 हजार वर्ग मीटर खरीदी है जमीन
  3. खोड़ा की नगर पालिका चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

जागरण संवाददाता, खोड़ा। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका क्षेत्र के लोगों को सीवर व पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। इसके लिए खोड़ा नगर पालिका ने नोएडा विकास प्राधिकरण से 22.63 करोड़ रुपये में 16 हजार वर्ग मीटर जमीन खरीदी है।

यहां पर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनेगा। गंगाजल आपूर्ति के लिए नोएडा जल निगम से बात चल रही है। यह जानकारी खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन मोहिनी शर्मा ने दी।

प्रेसवार्ता में चेयरमैन मोहिनी शर्मा बताया कि खोड़ा के करीब 10 लाख लोग सीवर व पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण से जमीन लेने के लिए लंबे समय से प्रक्रिया चल रही थी। चार दिन पहले जमीन का पूरा भुगतान कर दिया गया है। अब यह जमीन कागजों में नगर पालिका की हो गई है।

इस जमीन की कीमत करीब 22.63 करोड़ रुपये है। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लगने से खोड़ा के लोगों को सीवर की समस्या से राहत मिल जाएगी। जल्द ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल सीवर लाइन नहीं होने से खोड़ा के लोगों ने घरों में सेप्टिक टैंक बना रखे हैं। ये टैंक भरने पर लोग गंदा पानी नाले में बहा देते हैं। इस दुर्गंध से लोगों को जूझना पड़ता है।

पांच साल तक नोएडा से लिया जाएगा 50 एमएलडी पानी

चेयरमैन ने बताया कि प्रताप विहार स्थित प्लांट से गंगाजल की सप्लाई के लिए नोएडा जल निगम से वार्ता चल रही है। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर भी बात की गई है। यहां से पांच साल तक रोजाना 50 एमएलडी पानी सप्लाई खोड़ा के लिए लेंगे। इसके लिए अभी स्वीकृति नहीं मिली है।

पेयजल के स्थाई समाधान की बनाई जा रही योजना

चेयरमैन का कहना है कि खोड़ा में पेयजल के स्थाई समाधान के लिए धौलाना के देहरा गांव की झाल पर पानी स्टोरेज के लिए प्लांट लगाया जाएगा। यहां से ट्यूबवेल के माध्यम से आठ वार्डों में पानी स्टोर किया जाएगा। इसके बाद सभी 32 वार्डों में पानी की सप्लाई की जाएगी। इसके लिए जमीन चिह्नित की गई है। करीब नौ हेक्टेयर जमीन यहां एलएमसी की है।

पूर्व चेयरमैन का दावा

खोड़ा नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन रीना भाटी का कहना है कि जल निगम गेस्ट हाउस पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके कार्य की सराहना की थी। उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा गंगाजल आपूर्ति के कार्य में धन आवंटित करके शुरू करा दिए गए थे। \

इसके लिए जमीन चिह्नित, पानी के लेबल व जांच भी की गई थी। नोएडा प्राधिकरण की अतिरिक्त भूमि व वाहन डिपो की जमीन प्रस्तावित थी। सभी सभासदों व मेरे द्वारा चिह्नित जमीन पर पीने के पानी के लिए जमीन खरीदने का प्रस्ताव पास किया गया था।

मेरे कार्यकाल के बाद इसमें कोई कार्रवाई नहीं की गई। मेरे द्वारा किए गए कार्य पर ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल निगम को खोड़ा में जल्द जलापूर्ति करने के आदेश दिए हैं ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।