RCB प्लेयर यश दयाल के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में केस दर्ज, यौन शोषण का लगा है आरोप
आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। इंदिरापुरम की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने आरोप लगाया है कि दयाल ने उसे धोखा दिया और उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। आइपीएल चैंपियन रायल चैलेंजर बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में सोमवार को एफआइआर दर्ज की गई है। इंदिरापुरम क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित युवती ने कई दिन पहले मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की थी। तब से पुलिस मामले में जांच कर रही थी। सोमवार तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
युवती ने आईजीआरएस पोर्टल के जरिए सीएम से की शिकायत
बता दें कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती पूर्व में सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करती थी। युवती ने आइजीआरएस (इंटीग्रेटिड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) पोर्टल के जरिये मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। इस पर उन्होंने क्रिकेटर यश दयाल पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद से इंदिरापुरम पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
पुलिस ने युवती को साक्ष्य उपलब्ध कराने व बयान के लिए भी बुलाया था। पीड़ित युवती ने पुलिस को सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए थे और बयान में यश दयाल व उनके परिवार पर आरोप लगाए थे। आरोप था कि वह करीब पांच साल पूर्व क्रिकेटर यश दयाल के संपर्क में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से आई थी। पहले दोनों में दोस्ती हुई और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
यश दयाल ने उन्हें शादी करने का भरोसा दिलाया
यश दयाल ने उन्हें शादी करने का भरोसा दिलाया और वह लगातार लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। यश दयाल ने उनके परिवार की आर्थिक रूप से मदद भी की। यश कई बार उन्हें अपने साथ बेंगलुरु व ऊटी भी ले गए और वहां कई-कई दिन तक होटल व रिसोर्ट में रहे।
यह भी पढ़ें- RCB के यश दयाल पर महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप, शादी का झांसा देकर किया गलत काम, एफआईआर दर्ज
पीड़िता ने पुलिस को यश दयाल के साथ की इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफार्म की चैट भी उपलब्ध कराई थी। इसके साथ ही पीड़िता ने पुलिस को अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए थे। पीड़िता का आरोप है कि यश दयाल के अन्य युवतियों से भी संबंध हो गए और उन्होंने धोखा दिया। इसके बाद उन्होंने यश दयाल पर कार्रवाई का मन बनाया।
पीड़ित युवती की तहरीर पर क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - निमिष पाटील, डीसीपी ट्रांस हिंडन
यह भी पढ़ें- क्रिकेटर यश दयाल फंस सकते हैं मुश्किल में, युवती ने पुलिस को दिए सबूत, यौन शोषण का लगा है आरोप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।