जीवन में सफलता के लिए जरूरी है उत्साह का होना : डॉ. रचना बिमल
जिंदगी में कभी हताश और निराश नहीं होना चाहिए। न खुद उदास रहें और न दूसरों को रहने दें।
गाजियाबाद [दीपा शर्मा]। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के तत्वावधान में "जीवन को उत्साहपूर्ण कैसे बनाये" विषय पर ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. रचना बिमल ने कहा कि प्रत्येक वो मनुष्य जीवन में सफल जरूर हुआ है जिसके अंदर उत्साह होता है। किसी भी कार्य को करने के लिए जब तक हमारे अंदर उत्साह नहीं होगा, तब तक हम से वह कार्य सही से और समय पर नहीं हो पाएगा और ना ही उससे ज्यादा कुछ सीख पाएंगे।
जीवन में निराशा को निकाल कर उत्साह को बनाए रखना जरूरी
ये ऊर्जा किसी बाजार में नहीं मिलेगी। ये तो अपने अंदर हीं होती है। जीवन में निराशा को निकाल कर उत्साह को बनाए रखना चाहिए। तभी जीवन मे सफलता प्राप्त कर सकते हैं। वहीं आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि दुनियां के सारे सफलतम लोगों ने अपनी जिंदगी में कभी-न-कभी असफलता का कड़वा घूंट जरूर पिया है। जब कभी हम उनकी सफलता की कहानियां सुनते हैं, उनकी शुरुआती असफलता के किस्से भी सुनने को मिलते हैं।
जिंदगी में हताश और निराश नहीं होना चाहिए
जिंदगी में कभी हताश और निराश नहीं होना चाहिए। न खुद उदास रहें और न दूसरों को रहने दें। इस मौके पर योगाचार्य सौरभ गुप्ता, मदर ग्लोबल स्कूल के चैयरमैन अशोक सेठी, गायक आकाश कपूर, राजश्री यादव, किरण सहगल, संगीता आर्या, प्रतिभा सपरा, मृदुला अग्रवाल, पुष्पा चुघ, लाजवंती गिरधर, नरेश खन्ना और राष्ट्रीय मंत्री दुर्गेश आर्य आदि मौजूद रहे।
मास्क नहीं लगाने पर 176 लोगों पर कार्रवाई
इधर, गाजियाबाद डीएम के आदेश पर सोमवार को मास्क न लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। मास्क न लगाने पर 176 लोगों का चालान कर 36 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा डीएम अजयशंकर पांडेय ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सर्विलांस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम ने अफसरों को कोरोना संक्रमितों को खोजकर एंटीजन किट से टेस्ट कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में शत प्रतिशत लोगों की जांच कराई जाए। शरीरिक दूरी का पालन कराया जाए। संक्रमित लोगों को समय पर खोजा जाना चाहिए। जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सके। प्रदेश सरकार के निर्देश पर वर्तमान में संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। वर्षा ऋतु में कोरोना के संक्रमण एवं वेक्टर जनित बीमारियों को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जाना चाहिए।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक