विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghaziabad: छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, मौत के बाद आरोपित परिवार के साथ फरार

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
Published: Tue, 20 Dec 2022 12:15 AM (IST)

खोड़ा थाना क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान 12वीं की छात्रा ने सोमवार शाम को घर में फांसी लगा ली। वह पिता के साथ शनिवार शाम को थाने में मामले की शिकायत करने गई थी। पुलिस पर उसकी फरियाद नहीं सुनने का आरोप लगा है।

छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, मौत के आरोपित परिवार के साथ फरार
छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, मौत के आरोपित परिवार के साथ फरार

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। खोड़ा थाना क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान 12वीं की छात्रा ने सोमवार शाम को घर में फांसी लगा ली। वह पिता के साथ शनिवार शाम को थाने में मामले की शिकायत करने गई थी। पुलिस पर उसकी फरियाद नहीं सुनने का आरोप लगा है।

छात्रा परिवार के साथ खोड़ा में रहती थी। वह दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। उसके पिता का आरोप है कि कालोनी का इरफान बेटी को स्कूल से आते-जाते समय परेशान करता था। बेटी ने शनिवार को उन्हें इसकी जानकारी दी। वह बेटी को लेकर शनिवार शाम को खोड़ा थाने गए। पुलिसकर्मियों को बेटी ने आपबीती सुनाई।

पुलिस ने नहीं लिया गंभीरता से

पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनसे सबूत और इरफान को पकड़कर लाने को कहा। वह बेटी के साथ वापस घर आ गए। सोमवार सुबह वह और उनकी पत्नी ड्यूटी पर चले गए। घर में बेटी छोटी बहन और छोटे भाई के साथ थी। शाम करीब छह बजे छोटी बेटी ने फोन करके बताया कि बड़ी बहन ने कमरे में फांसी लगा ली है। वह आनन-फानन घर पहुंचे।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने आशंका जाहिर किया कि बेटी ने लोकलाज के डर से यह कदम उठा लिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि छात्रा का वीडियो प्रसारित होने की बात सामने आई थी। पीड़ित से लिखित में तहरीर देने को कहा गया था लेकिन नहीं मिली थी। पीड़ित ने पहले आरोपित को पकड़ने की बात की थी।

टूटा दुखों का पहाड़

छात्रा के पिता ने बताया कि उनके साले की तबीयत खराब थी। वह सोमवार शाम को उपचार कराने के लिए यहां आ रहा था। शाम करीब छह बजे ससुराल से फोन आया कि साले की अयोध्या में मौत हो गई है। इसकी जानकारी होने पर वह घर के लिए फैक्ट्री के गेट पर पहुंचे थे तभी छोटी बेटी ने फाेन करके बड़ी बहन के आत्महत्या करने की बात बताई थी। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए।

ये भी पढ़ें- Noida: एनस्थीसिया के ओवरडोज से बच्ची की मौत, सर्जरी के लिए पिता ने जमा कराए थे रुपये; बदले में थमा दिया शव

परिवार सहित आरोपित फरार

सोमवार को छात्रा के आत्महत्या करने के बाद पुलिस की छह टीमें जांच के लिए लगाई गई हैं। पुलिस टीमों ने आरोपित के घर पर दबिश दी। वह परिवार के साथ फरार है। अन्य संभावित स्थानों पर भी पुलिस दबिश दे रही है। उसे पकड़ने के लिए सर्विलांस की भी मदद ले रही है।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से छानबीन की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों की लापरवाही की भी जांच होगी। यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।