यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोने की टेबलेट बनाकर पानी के साथ निगली, सऊदी से मुंबई आए, फिर ट्रेन से पहुंचे दिल्ली... गाजियाबाद में इस तरह पकड़े गए तस्कर
Gold Smuggling सउदी अरब से तस्करी से सोना लाने वाले दो तस्कर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए पकड़े हैं। ...और पढ़ें

HighLights
- क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े दो सोने के तस्कर, करीब 25 लाख रुपये का 400 ग्राम सोना मिलने का इंतजार।
- सउदी अरब के जेद्दा से मुंबई विमान से आए, मुंबई से दिल्ली ट्रेन के जरिए आए। दिल्ली से बस से गाजियाबाद तक आए।
विनीत कुमार, गाजियाबाद। सउदी अरब से तस्करी से सोना लाने वाले दो तस्कर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए पकड़े हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित करीब 400 ग्राम सोने की तस्करी करके लाए हैं, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है। आरोपितों से सोने की बरामदगी नहीं हुई है।
सोने की उन्होंने छोटी टेबलेट बनाकर पानी से निगल ली थीं। क्राइम ब्रांच ने सूचना के आधार पर दोनों को बस अड्डे से पूछताछ के लिए पकड़ा। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि सोना उनके पेट में है। इसके बाद आरोपितों का अस्पताल में मेडिकल कराया गया। एक्सरे में दोनों के पेट में धातु की टेबलेट होन की पुष्टि हुई है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि रामपुर के रहने वाले दो युवक सउदी अरब से सोने की तस्करी कर कई लाख रुपये का सोना लाए हैं। क्राइम ब्रांच ने बस अड्डे से रामपुर के टांडा निवासी फुजैल और नदीम को पकड़ लिया। आरोपितों से पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह तीन-चार दिन पहले सउदी अरब के जेद्दा गए थे। वहां उन्होंने करीब 400 ग्राम सोने की छोटी टेबलेट खरीदीं।
जेद्दा हवाई अड्डे पर उन्होंने पानी से उन टेबलेट को निगल लिया। दोनों के पास करीब 10-10 टेबलेट हैं। जेद्दा से वह मुंबई विमान से उतरे। मुंबई से दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़ी। दिल्ली से बस के जरिए गाजियाबाद तक आए। गाजियाबाद से वह रामपुर जाने की तैयारी में थे। उससे पहले ही क्राइम ब्रांच ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस आरोपितों को जिला एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनके पेट का एक्सरे कराया गया।
20 हजार रुपये प्रति दस ग्राम पर कमाई
पुलिस का कहना है कि आरोपितों को सउदी अरब में 40 हजार रुपये से 44 हजार रुपये प्रति दस ग्राम सोना मिल जाता है। जबकि देश में सोने का भाव करीब 64 हजार रुपये प्रति दस ग्राम चल रहा है। विदेश से सोना लाकर बेचने पर प्रति दस ग्राम लगभग 20 हजार रुपये की कमाई हो जाती है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित पकड़े जाने से पूर्व पांच-छह बार इसी तरह सउदी अरब से सोने की तस्करी कर चुके हैं।
आरोपितों से पूछताछ में सोने की तस्करी करना सामने आया है। एक्सरे में भी दोनों के पेट में धातु होने की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों की देखरेख में सोमवार या मंगलवार तक पेट के रासते सोने की बरामदगी होने की उम्मीद है। -अजीत कुमार रजक, एसीपी क्राइम
