Ghaziabad News: सपा शासन में प्रदेश में चरम पर था अपराध, अब पुलिस गोली का जवाब गोली से देती है- असीम अरुण
उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने प्रदेश में भाजपा सरकार के लगातार दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर शनिवार को कलक्ट्रेट में बैठक की जहां उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई। (जागरण फोटो)
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में अब पुलिस बदमाशों से डरती नहीं है, पीछे नहीं भागती है। गाेली का जवाब गोली से देती है। यही वजह है कि अब बदमाश पुलिस पर गोली चलाने से डरते हैं। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने प्रदेश में भाजपा सरकार के लगातार दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर शनिवार को कलक्ट्रेट में बैठक करते हुए कहीं।
भ्रष्टाचार पर भी काफी हद तक अंकुश लगा
उन्होंने बताया कि छह साल पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, उस वक्त भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर थी। सत्ता में बदलाव होने पर भाजपा ने उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई, जिसकी वजह से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है।
भ्रष्टाचार पर भी काफी हद तक अंकुश लगा है। आपराधिक वारदातों में कमी आई है। गाजियाबाद को पुलिस कमिश्नरेट बनाया गया है। जिले में सात थाने बढ़े हैं, एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती हुई है। जनसंख्या की दृष्टि से यहां पर अभी और थाने बनाए जाने हैं, जिस पर कार्य चल रहा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बेहतर कार्य हो रहा है।
गाजियाबाद ग्रोथ इंजन की भूमिका में
जिले में इंवेस्टर्स समिट में 1.25 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं, जिस पर कार्य चल रहा है। इससे 6.50 लाख लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है। देश और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में गाजियाबाद ग्रोथ इंजन की भूमिका में है और रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक परिवार के लिए फैमिली आइडी बनाने की तैयारी की है, जिस पर कार्य चल रहा है।
इससे पता चल सकेगा कि किस परिवार को वास्तव में सरकारी योजनाओं की आवश्यकता है। जो सरकारी योजनाओं से वंचित होगा, उसको लाभ दिलाया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी गाजियाबाद में बेहतर कार्य हुए हैं। लेकिन ये संतोष से ज्यादा संकल्प का विषय है, हमें इसे और बेहतर करना है। जिससे कि लोगों को जरूरी सुविधाएं मुहैया हों।
एयरपोर्ट जरूरी हैं तो बुनियादी सुविधाएं भी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए सड़कों की स्थिति में सुधार हो रहा है। एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं तो एयरपोर्ट की संख्या भी बढ़ रही है लेकिन हमें उन लोगों के लिए भी सोचना है, जो कि बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। पानी, बिजली, नौकरी, आवास सहित अन्य सुविधाएं उनको मुहैया कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। साहिबाबाद में सरकारी अस्पताल के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू होगा।