यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गाजियाबाद के लोगों के लिए अच्छी खबर, राजनगर एक्सटेंशन में 60 मीटर चौड़ी होगी रिंग रोड; जाम से मिलेगी राहत
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन की आउटर रिंग रोड को 45 मीटर के बजाय 60 मीटर चौड़ा करने का फैसला किया है। जीडीए की टीम ने मौके पर जाकर चिह्नांकन किया। किसानों की असहमति के कारण भूमि अधिग्रहण में समस्या आ रही है जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। जीडीए अब किसानों से भूमि अर्जित करने की तैयारी कर रहा है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन की आउटर रिंग रोड को 60 मीटर चौड़ा करने का जोनल प्लान तैयार किया है। इससे पहले चौड़ाई में इस मार्ग का 45 मीटर का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था।
इस संबंध में मंगलवार यानी 10 जून को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अभियंत्रण व अर्जन अनुभाग की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण करते हुए इसका चिह्नांकन किया।
कब बनी थी आउटर रिंग रोड के निर्माण की योजना?
इस संबंध में जीडीए वीसी अतुल वत्स ने इस संबंध में संबंधित अनुभाग प्रभारियों के साथ बैठक की थी, जिसके बाद जोन-एक का जोनल प्लान तैयार कर इसको क्रियान्वित करने के निर्देश दिए थे। वर्ष 2018 में करीब छह किमी सड़क के सरकुलर प्लान में 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड के निर्माण की योजना तैयार की गई थी।
किसानों से ली जाएगी जमीन
अब तैयार किया जा रहे जोनल प्लान में 60 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अब इसके अलाइमेंट में बदलाव होने से कितनी भूमि की आवश्यकता होगी, जिसे लेकर किसानों की सहमति जरूरी है, जबकि इस मामले में मतभेद के चलते कुछ किसान न्यायालय की शरण में हैं, जिस कारण आउटर रिंग रोड का निर्माण अधर में है।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार भोवापुर अटौर में करीब 1010 मीटर, नूरनगर में करीब 553 मीटर, शाहपुर मोरटा के करीब 548 मीटर भूमि में आउटर रिंग रोड के निर्माण का कार्य प्रभावित है। नए प्रस्ताव और योजना के तहत जीडीए अब किसानों से भूमि अर्जित करने की तैयारी कर रहा है।