Ghaziabad: पुरानी रंजिश में किसान पर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की छानबीन
मोदीनगर में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान पर कुछ दबंगों ने जानलेवा हमला किया है। लोगों ने किसान को बेरहमी से पीटा। घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मोदीनगर, जागरण संवाददाता। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव सौंदा में बाइक सवार किसान पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। किसान बाजार से अपने घर लौट रहे थे। घटना को अंजाम पुरानी रंजिश में दिया गया। मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
बेरहमी से आरोपितों ने पीटा
गांव सौंदा के रहने वाले गिरीश शर्मा किसान हैं। वे बीती शाम बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। इस बीच जब वे पशु अस्पताल के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उनपर हमला बोल दिया। आरोपितों ने बाइक से गिराकर गिरीश को बेरहमी से पीटा।
किसान गंभीर रूप से घायल
धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। गिरीश आरोपितों की मिन्नतें करते रहे लेकिन आरोपित ने उनकी एक सुनी। वहां से गुजर रहे आसपास के लाेग जब गिरीश को बचाने के लिए दौड़े तो आरोपित भागे निकले। जाते हुए भी उन्होंने गिरीश को जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- Ghaziabad: मोदीनगर में मासूम की ईंट से कूचकर हत्या, रात तक भी पोस्टमार्टम नहीं होने से लोगों ने किया हंगामा
पुरानी रंजिश के चलते घटना
गिरीश के मुताबिक, आरोपितों से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। इसी को लेकर आरोपित आए दिन उनके साथ झगड़ा करते हैं। मामले में एसीपी मोदीनगर रितेश त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर के आधार पर सौंदा गांव के मनोज, मुकेश व तरूण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्दी ही इनकी गिरफ्तारी होगी।
यह भी पढ़ें- Ghaziabad Crime: घर में घुसकर किसान को मारी गोली, हालत गंभीर; अज्ञात पर केस दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच