गाजियाबादः साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग, दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया काबू
गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट 4 स्थित एक पेंट की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। सीएफओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया है।
गाजियाबाद [अवनीश मिश्र]। औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार स्थित एक पेंट की फैक्ट्री में बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग में फंसे 12 कर्मचारियों और ज्वलनशील रसायनों के ड्रमों को बाहर निकाला। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आया है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।
साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट - चार में सतनाम सिंह की जनता पेंट मार्ट के नाम से पेंट व वार्निश बनाने की फैक्ट्री है। बृहस्पतिवार को करीब एक दर्जन कर्मचारी उसमें काम कर रहे थे। शाम करीब चार बजे फैक्ट्री में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं। पड़ोस में स्थित आरजे मेटल फेर्मिंग नामक फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। सूचना पर अग्निशमनकर्मी छह गाड़ियों के साथ पहुंचे और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से पेंट फैक्ट्री की शेड पूरी तरह से जलकर गिर गई। पड़ोस की फैक्ट्री की छत पर रखी पानी की दो टंकी भी जल गई। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। कोई हताहत नहीं हुआ है।
फंस गए कर्मचारी
बताया गया कि हादसे के समय कर्मचारी फैक्ट्री में काम कर रहे थे। आग लगते ही सभी सहम गए। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी भी डर गए। आसपास काफी भीड़ एकत्रित हो गई। उनमें से तमाम कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों की मदद भी की।
इस घटना के बाद पूर्व में एक फैक्ट्री में आग लगने के दौरान हुई आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों की मौत की घटना ताजी हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान सही समय में केमिकल के ड्रम निकाल लिए गए। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।