नई परंपराः पूर्व विधायक की प्रिंसिपल पत्नी को उनकी बेटी ने दी मुखाग्नि
चंद्रमुखी ने बेटी द्वारा चिता को मुखाग्नि देने की इच्छा जाहिर की थी, इसलिए उनकी इच्छा के मुताबिक उनकी बेटी नमिता ने चिता को मुखाग्नि दी।
गाजियाबाद (जेएनएन)। डिफेंस कॉलोनी में 88 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसकी बेटी ने चिता को मुखाग्नि दी। मृतका आयुध निर्माणी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या रही हैं। उनका कोई बेटा नहीं है।
डिफेंस कालोनी निवासी चंद्रमुखी चित्रा (88) वर्ष 1970 में आयुध निर्माणी स्थित जवाहर लाल इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या के पद पर तैनात थीं। इससे पहले उन्होंने दो अन्य कॉलेजों में शिक्षिका के तौर पर नौकरी की। चंद्रमुखी अंग्रेजी में कविताएं भी लिखती थीं। उनके पति महेंद्र सिंह जयपुर से विधायक रहे हैं।
पिछले दिनों महेंद्र सिंह की बीमारी के चलते मौत हो गई। उनकी बेटी नमिता पंवार केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। चंद्रमुखी काफी समय से बीमार चल रहीं थीं। शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि चंद्रमुखी ने बेटी द्वारा चिता को मुखाग्नि देने की इच्छा जाहिर की थी। शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए उनका शव उखलारसी रजवाहा स्थित शमशान घाट पर ले जाया गया। उनकी इच्छा के मुताबिक उनकी बेटी नमिता ने चिता को मुखाग्नि दी।