हिंडन एयरपोर्ट से हुबली के साथ जाइए आइटी हब बेंगलुरु, उड़ान सेवा शुरू Ghaziabad News
11 अक्टूबर को पिथौरागढ़ के लिए विमान शुरू होने के बाद अब हुबली के लिए सेवा बुधवार से शुरू हो गई।
गाजियाबाद [सौरभ पांडेय]। दिल्ली-एनसीआर के दूसरे एयरपोर्ट हिंडन से बुधवार को कर्नाटक के हुबली और बेंगलुरु के लिए भी उड़ान शुरू हो गई। पहले दिन 50 सीटर विमान से यात्रियों ने हुबली और बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट अथॉरिटी और स्टार एयर के अधिकारियों ने विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही हिंडन से देश के कई अन्य शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू की जाएंगी।
आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंडन एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके बाद 11 अक्टूबर को हिंडन से पहला विमान पिथौरागढ़ के लिए उड़ा था। अब बुधवार को हिंडन से दूसरी फ्लाइट हुबली के लिए शुरू की गई है। यही फ्लाइट हुबली पर एक घंटे के विराम के बाद यात्रियों का बेंगलुरु लेकर जाएगी। बेंगलुरु से वाया हुबली से यात्री शाम करीब चार बजे हिंडन पहुंचे। इसके बाद करीब 4:10 बजे फ्लाइट उड़नी थी लेकिन यह करीब आधा घंटा देरी से उड़ी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के नॉर्दन इंडिया के महाप्रबंधक मनोज बैहरा ने बताया कि एक माह के अंदर दो स्थानों के लिए हिंडन से विमान सेवा शुरू हो चुकी है। हुबली के साथ ही यात्री बंगलुरू भी जा सकेंगे। जल्द ही देश के कई अन्य शहरों के लिए भी यहां से उड़ान हो सकेगी। स्टार एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिमरन सिंह ने बताया कि अभी उनका लक्ष्य सप्ताह में तीन उड़ानों को पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से उड़ाना है। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ी और अच्छा रिस्पांस मिला तो सप्ताह में छह अथवा सात दिन विमान सेवा देने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी गुलबर्गा और जामनगर के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में है।
उन्होंने बताया कि स्टार एयर माह में साढ़े तीन सौ घंटे की फ्लाइट उड़ाता है। ऐसे में पिथौरागढ़ जैसी समस्या के लिए उन्होंने पहले ही पूरी तैयारी कर ली है। दिसंबर तक एक और व मार्च तक तीन और विमान उनके पास होंगे। जिसके बाद फ्लाइट की संख्या बढ़ेगी। गुलबर्गा और जामनगर के लिए भी जल्द ही फ्लाइट मिलने की उम्मीद है।
पारंपरिक तरीके से हुई फ्लाइट की औपचारिक शुरुआत
अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर दीप प्रज्वलन कर फ्लाइट की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान एक बुजुर्ग यात्री सूर्य ने भजन गाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि वह बंगलुरू रहते हैं। यहां अपने बेटे के पास अाए थे। अब लौट रहे हैं। उन्होंने हिंडन से शुरू हुई इस सुविधा को शानदार बताया।
बंगलुरू के यात्रियों को मिला लाभ
अभी तक यह बताया जा रहा था कि हिंडन से हुबली के लिए उड़ान होगी। हालांकि स्टार एयर के अधिकारियों ने बताया कि हुबली पर करीब एक घंटे के इंतजार के बाद विमान बेंगलुरु जाएगा। यात्री हिंडन से ही सीधे बेंगलुरु के लिए टिकट बुक कर सकते हैं। ऐसे में हुबली के साथ हिंडन की कनेक्टिविटी आइटी हब माने जाने वाले बेंगलुरु से भी हो गई है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक