गाजियाबाद में घर के बाहर बुजुर्ग दंपती को कार ने मारी टक्कर, फिर महिला को काफी दूर तक घसीटा; आरोपी गिरफ्तार
साहिबाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र में घर के बाहर बुजुर्ग दंपती को कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद महिला को काफी दूर तक घसीटा। वह सड़क किनारे खड़ी ब्लेनो और सेल्टोस कार से टकरा गई। हादसे के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। शोर मचाते हुए पीछे भागे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ डी ब्लाक में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने बुजुर्ग दंपती को टक्कर मार दी। महिला को काफी दूर तक घसीट दिया।
भागते हुए सड़क किनारे खड़ी ब्लेनो और सेल्टोस कार से जा भिड़ी। लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपित चालक को भी मौके पर ही दबोच लिया गया।
पिता उछलकर 10 फीट आगे गिरे
हितेश जोशी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे उनके पिता गिरीश चंद्र जोशी और माता गीता जोशी उम्र रोड पर पैदल टहल रहे थे। तभी एक कार ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मां का सिर कार के शीशे में जा लगा। उन्हे कार से काफी दूर तक घसीट दिया। पिता उछलकर 10 फीट आगे गिरे। चालक ने कार नहीं रोकी और भागने लगा।
मौके पर जमा हो गई लोगों की भीड़
हादसे के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। शोर मचाते हुए पीछे भागे। कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी बलेनो और सेल्टॉस कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने आरोपित को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया।
लोगों ने दंपती को पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित विवेक वर्मा है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार बरामद कर ली है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।