विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उड़ जा कबूतर....चिड़िया घोंसले में', इस कोड से 10 सेकेंड में होती थी बाइक चोरी; गिरोह का पर्दाफाश

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:51 PM (IST)

मोदीनगर पुलिस ने एक हाईटेक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो 'उड़ जा कबूतर....चिड़िया घोंसले में' जैसे कोड ...और पढ़ें

HighLights

  1. मोदीनगर पुलिस ने हाईटेक बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश।

  2. 'उड़ जा कबूतर' कोड से चोरी, चार बाइकें बरामद।

  3. सीसीटीवी से बचने कई चालक बदलते, तीन आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, मोदीनगर। जैसे-जैसे पुलिस हाइटेक हो रही है, वैसे ही बदमाशों ने भी वारदात करने का तरीका बदल दिया है। ऐसा ही वाहन चोरी का एक गिरोह मोदीनगर पुलिस ने रविवार को पकड़ा। पांच आरोपित एक साथ क्षेत्र में निकलकर वारदात करते थे।

चाेरी करने के बाद आरोपित कॉल पर बाेलता था उड़ जा कबूतर....चिड़िया घोंसले में और बाइक लेकर निकल जाता था। इस बीच दूसरा आरोपित कुछ दूरी पर उससे बाइक ले लेता था। रास्ते में तीसरे आरोपित को बाइक दे दी जाती थी। अन्य आरोपित आटो या ई-रिक्शा से निकल जाते थे। इसी तरह बाइक को ठिकाने तक लाने में चार चालक बदल दिये जाते थे।

यह अब सीसीटीवी फुटेज से बचने व पुलिस के सर्विलांस को चकमा देने के लिए करते थे। इतना ही नहीं, अधिकांश समय सड़क पर विपरीत दिशा में चोरी के बाद बाइक लाते थे। आरोपितों की निशानदेही पर चार बाइक बरामद हुई हैं। गिरोह के तीनों आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। फरार दो की पुलिस तलाश कर रही है।

आठवीं व दसवीं पास हैं तीनों बदमाश

एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मोदीनगर की इंदिरापुरी का अनुज, मुरादनगर के डिडौली का ध्रुव त्यागी व जलालपुर रोड का दीपक है। आरोपित अनुज व ध्रुव आठवीं पास हैं। जबकि दीपक ने दसवीं की हुई है। ध्रुव डेयरी का काम करता है। दीपक व अनुज कामगार हैं। इनके दो साथी मुरादनगर का राजेश और बागपत डिकौली के अजगर उर्फ रोहित की तलाश में पुलिस जुटी है।

पांचों आरोपित गिरोह बंद तरीके से आसपास के क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात कर रहे थे। मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बाइक चोरी करते थे। महज पांच हजार में बाइक बेच देते थे। आरोपित अजगर उर्फ रोहित बाइक बेचने में मदद करता था। कुछ बाइके बागपत में बेची गई हैं। जिन्हें पुलिस ट्रेस करने में जुटी है।

मुरादनगर, निवाड़ी व मोदीनगर में चोरी हुई बाइक बरामद

बरामद बाइकों में दो मोदीनगर, एक मुरादनगर व एक निवाड़ी से चोरी हुई थी। इनके मुकदमे थानों में दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि फरार दो आरोपितों से पूछताछ में चोरी की अन्य बाइक भी बरामद होने की पूरी उम्मीद है। गिरफ्तार इन आरोपितों पर पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- Gen-Z नहीं Gen-T: मेरठ से युवाओं के लिए बड़ी पहल, अनुज शर्मा बोले- कॉकरोच नहीं, टाइगर बनें