विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

किशोरी को चाकू से गोदकर नहर में फेंका, बचाया

By JagranEdited By:
Published: Mon, 05 Apr 2021 09:43 PM (IST)

जागरण संवाददाता गाजियाबाद हापुड़ से दो लड़के किशोरी को अगवा कर मसूरी गंगनहर पर लाए

किशोरी को चाकू से गोदकर नहर में फेंका, बचाया
किशोरी को चाकू से गोदकर नहर में फेंका, बचाया

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: हापुड़ से दो लड़के किशोरी को अगवा कर मसूरी गंगनहर पर लाए और उसे चाकू से गोदकर नहर में फेंक दिया। हमलावर बाइक से फरार हो गए, जबकि स्थानीय गोताखोरों ने नहर में कूदकर किशोरी को बचा लिया। घटना रविवार दोपहर बाद की है। गंभीर हालत में किशोरी का इलाज चल रहा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अमान व शादाब नाम के लड़कों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपित फरार हैं।

----

चाकू के बल पर किया अपहरण

हापुड़ के पिलखुवा थानाक्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उनकी भतीजी आठवीं क्लास में पढ़ती है। एक कपड़े की दुकान पर काम करने वाला अमान पूर्व में भतीजी के स्कूल में पढ़ता था। सोमवार को भतीजी बाजार से खरीदारी करने गई थी। इसी समय अमान उसके पास आया और बात करने के बहाने गली में ले गया। यहां बाइक लेकर शादाब खड़ा था। उसने भतीजी को चाकू दिखाकर बाइक पर बैठाया और दोनों उसे लेकर मसूरी में गंगनहर पर आए। उसके चिल्लाने पर हत्या की धमकी दे मुंह बंद करा दिया। मसूरी नहर पर आकर पीड़िता ने नाराजगी जाहिर कर पुलिस में शिकायत की बात कही, जिसके बाद आरोपितों ने चाकू से उस पर कई वार किए। घायल हालत में उसे नहर में फेंककर आरोपित फरार हो गए।

----

गंभीर है हालत

पुलिस के मुताबिक लड़की को नहर में फेंकने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने लड़की को निकाल लिया। उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चाचा ने बताया कि किशोरी के कंधे, जांघ व हाथ पर चाकू के कई वार हैं। काफी खून भी बह गया है। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

----

लड़की को अगवा करने की बात सामने नहीं आई है। पिता ने तहरीर में लड़की के खुद आने की बात लिखी है। हमला क्यों किया, यह बात आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। चाकू मारकर जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रहे हैं।

- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण, गाजियाबाद।