विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: NCR के लोगों को दीवाली का तोहफा, अब एक ही प्लॉट पर बना सकेंगे दुकान और मकान; पढ़ें पूरी डिटेल

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:45 AM (IST)

आवास विकास परिषद दिल्ली-NCR के लोनी स्थित मंडोला विहार योजना में पहली बार प्रीमियम भूखंड ला रहा है, जहां एक ही भूखंड पर दुकान और मकान दोनों बनाए जा सकेंगे।

अब एक ही भूखंड पर मकान और दुकान दोनों बनाने का मौका मिल सकेगा। AI जनरेटेड

अब एक ही भूखंड पर मकान और दुकान दोनों बनाने का मौका मिल सकेगा। AI जनरेटेड

HighLights

  1. एक ही भूखंड पर दुकान और मकान बनाने का अवसर।

  2. मंडोला विहार योजना में पहली बार प्रीमियम भूखंड उपलब्ध होंगे।

  3. दीपावली पर लॉन्च, किफायती आवास व एमएसएमई भूखंड भी।

जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। दिल्ली-एनसीआर में रह रहे लोगों को अब एक ही भूखंड पर मकान और दुकान दोनों बनाने का मौका मिल सकेगा।

दिल्ली के पास लोनी स्थित मंडोला विहार योजना में आवास विकास परिषद पहली बार प्रीमियम भूखंड की योजना ला रहा है। योजना में प्रीमियम भूखंड पर ड्रा में सफल आवेदक नीचे दुकान और ऊपर आवास बना सकेंगे।

योजना को लॉन्च करने की तैयारी

आवास विकास परिषद दीपावली पर लोगों को ये तोहफा देने के लिए योजना को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। यह योजना दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के पास होने के चलते बेहतर कनेक्टिविटी पर है। साथ ही कम कीमत होने के कारण यह आम आदमी की पहुंच में भी है।

मध्यम वर्ग को देखते हुए योजना में 40 वर्ग मीटर के भूखंड और सेमी फिनिश्ड आवास भी रखे गए हैं। एमएसएमई के तहत प्रदूषण मुक्त लघु उद्योगों के लिए भी भूखंड हैं। मंडोला विहार योजना करीब 2700 एकड़ में फैली है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के पास होने के कारण योजना में सफल आवेदकों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ मकान और दुकान बनाने का मौका मिलेगा।

40 हजार पौधे लगाने की भी योजना

वहीं, एमएसएमई भूखंड बनने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वहीं दूसरी ओर लोनी आए दिन सबसे प्रदूषित इलाकों में रहता है। वर्ष 2025 की विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट में दुनिया का सबसे प्रदूषित इलाका था। इसलिए परिषद की यहां करीब 40 हजार पौधे लगाने की भी योजना है।

मंडोला योजना में 40 मीटर और 200 मीटर के आवासीय भूखंड होंगे, जिनकी इनकी कीमत करीब 38 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। इस हिसाब से 40 वर्ग मीटर के भूखंड 15 लाख में और 200 वर्ग मीटर वाले भूखंड करीब 76 लाख रुपये में मिलेंगे।

वहीं, योजना के तहत सेमी फर्निशड आवास लेने का मौका भी लोगों को मिलेगा। सेमी फर्निशड भूखंड 60, 75, 112 और 162 वर्ग मीटर कारपेट एरिया के होंगे।

कारोबारियों के लिए भूखंड खरीदने का मौका

योजना के तहत एमएसएमई कारोबारियों के लिए भूखंड खरीदने का मौका मिलेगा। योजना में 300 और 450 वर्ग मीटर के भूखंड होंगे। मंडोला विहार की दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी है।

लोनी में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए परिषद द्वारा यहां प्रदूषण रहित लघु उद्योगों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के करीब होने के कारण यहां प्रदूषण रहित उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा देने की योजना है।

मंडोला विहार योजना में पहली बार प्रीमियम भूखंड योजना लाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही सस्ते भूखंड और आवास की भी योजना है। दीपावली के पास लोगों को सौगात देने के लिए योजना को लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है। - पीएस रावत, संपत्ति प्रबंधक

यह भी पढ़ें- 521 हेक्टेयर की हरनंदीपुरम टाउनशिप से बदलेगी गाजियाबाद की तस्वीर, रियल एस्टेट और रोजगार को मिलेगी रफ्तार