भाई के खिलाफ युवक की हत्या का केस दर्ज
बच्चों की लड़ाई से शुरू हुए झगड़े में मारपीट के बाद घायल व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है जिसमें भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। स्वजनों के मुताबिक गंभीर हालत में घायल को दिल्ली रेफर किया गया था लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके चलते मौत हो गई।
जासं, गाजियाबाद: बच्चों की लड़ाई से शुरू हुए झगड़े में मारपीट के बाद घायल व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है, जिसमें भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। स्वजनों के मुताबिक गंभीर हालत में घायल को दिल्ली रेफर किया गया था, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके चलते मौत हो गई।
सिकरोड़ निवासी ममता ने बताया कि रात में देवर ब्रजेश उर्फ बृजकिशोर के व उनके बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। इस बात पर पति विजय उर्फ पिटू व देवर में भी विवाद हो गया। आरोप है कि ब्रजेश ने लकड़ी पति के सिर में मार दी, जिसके चलते वह बेहोश हो गए। उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से दिल्ली के जीटीबी के लिए रेफर किया गया। मगर वहां भर्ती करने से इन्कार कर दिया गया, जिस कारण पति को घर ले आए। यहां तड़के चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज केस दर्ज कर लिया है।