युवती से छेड़छाड़ करने वाला तमंचे के साथ पकड़ा
कविनगर थाना पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित से तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपित को बीते साल मुंबई में अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
जासं, गाजियाबाद : कविनगर थाना पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित से तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित को बीते साल मुंबई में अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
एसएचओ कविनगर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित दौलतपुरा निवासी दीपक है, जिसे सी ब्लॉक मार्केट से शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ 30 अप्रैल को एक युवती ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। युवती के मुताबिक आरोपित से जुलाई-2018 में उसने शादी रजिस्टर कराई थी, जिसे उसके व्यवहार के कारण एक माह बाद ही रद करा दिया था। इसके बाद भी आरोपित उसका पीछा कर परेशान कर रहा था। 30 अप्रैल 2019 को युवती जिम जा रही थी। इसी दौरान दीपक ने अपने दो साथियों संग पीड़िता को बाहर ही रोक लिया। छेड़छाड़ कर अपने साथ ले जाने के लिए जबरदस्ती करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपित धमकी देकर फरार हो गया था। एसएचओ का कहना है कि आरोपित मुंबई के माणिकपुर से साल 2018 में अपहरण के आरोप में जेल जा चुका है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप