विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

65 की उम्र में 15 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़े ‘फिट दादाजी’

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:05 PM (IST)

गाजियाबाद के महिपाल सिंह 65 वर्ष की उम्र में भी फिटनेस के प्रति जुनूनी हैं। मधुमेह का पता चलने के ...और पढ़ें

100 से अधिक पदक जीत चुके महिपाल सिंह ( फोटो स्रोत : जागरण )

100 से अधिक पदक जीत चुके महिपाल सिंह ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. 65 वर्षीय महिपाल सिंह 60+ मैराथन में शामिल।

  2. मधुमेह के बाद शुरू की फिटनेस यात्रा, 100+ पदक जीते।

  3. वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने को प्रेरित करते।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। उम्र के 65वें पड़ाव पर भी राजनगर एक्सटेंशन निवासी महिपाल सिंह की दिनचर्या में सक्रियता और अनुशासन प्रमुख हैं।

शुरुआत में 10 से 15 मिनट की सैर से फिटनेस का सफर शुरू करने वाले महिपाल सिंह आज 60 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैराथन में हिस्सा ले चुके हैं। उन्हें 100 से अधिक पदक मिल चुके हैं। लोग उन्हें ‘फिट दादाजी’ के नाम से जानते हैं।

जब किया था खान पान में बदलाव...

वर्ष 2021 में सुस्ती, अधिक प्यास और थोड़ी मेहनत में थकान महसूस होने पर उन्होंने स्वास्थ्य जांच कराई। मधुमेह का स्तर बढ़ा मिलने पर चिकित्सक की सलाह से दवा शुरू की और खानपान में बदलाव किया।

इसके बाद सोसायटी के पार्क में टहलना शुरू किया। धीरे-धीरे सैर का समय करीब 30 मिनट किया और फिर हल्की दौड़ लगाने लगे। शुरुआत में वह केवल 500 मीटर दौड़ पाते थे।

परिवार को उनकी उम्र में चोट लगने की चिंता थी, लेकिन उन्होंने सावधानी के साथ अभ्यास जारी रखा। नियमित अभ्यास से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने मैराथन प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेना शुरू किया।

सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

हाल ही में उन्होंने उत्तराखंड में चीन सीमा के निकट अल्ट्रा मैराथन-2.0 में भी भाग लिया, जहां वह सबसे अधिक उम्र के धावक रहे। महिपाल सिंह अब वरिष्ठ नागरिकों को भी सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

उनका मानना है कि उम्र को फिटनेस की राह में बाधा मानने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार नियमित व्यायाम और अनुशासन को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। मधुमेह से पीड़ित लोगों को व्यायाम शुरू करने से पहले चिकित्सकीय सलाह भी लेनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में डासना ROB पर रास्ता चौड़ा करने का काम शुरू, NH-9 पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति