विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शौक या आतंक... गाजियाबाद के लोनी में मोडिफाइड साइलेंसर से कांप रही सड़कें; सहम रहे राहगीर

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:40 PM (IST)

लोनी की सड़कों पर मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से निकलने वाली तेज आवाजें राहगीरों के लिए परेशानी और दहशत का कारण बन रही हैं।

दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर खड़ी मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक। जागरण

दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर खड़ी मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक। जागरण

HighLights

  1. मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से तेज आवाजें निकलती हैं।

  2. राहगीर, बुजुर्ग और बच्चे इन आवाजों से परेशान हैं।

  3. पुलिस से साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर कार्रवाई की मांग।

हरिशंकर शर्मा, लोनी (गाजियाबाद)। सड़क पर चलते समय अचानक गोली जैसी तेज आवाज सुनाई दे तो राहगीरों का सहम जाना स्वाभाविक है। लोग घबराकर इधर-उधर देखने लगते हैं, लेकिन कुछ ही देर में पता चलता है कि आवाज फायरिंग की नहीं, बल्कि मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक की है।

लोनी की सड़कों पर ऐसे बाइकर्स का शौक अब राहगीरों के लिए परेशानी और दहशत का कारण बनता जा रहा है।

बाइक को आकर्षक लुक देने और पटाखों जैसी आवाज निकालने के लिए युवा कंपनी के मूल साइलेंसर हटवाकर मोडिफाइड साइलेंसर लगवा रहे हैं।

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और गाजियाबाद मार्ग पर ऐसे बाइकर्स आसानी से देखे जा सकते हैं। साइलेंसर बदलवाने के लिए सात हजार रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। कुछ बाइक चालक जानबूझकर एक्सीलेटर बढ़ाकर तेज धमाके करते हुए निकलते हैं। इससे आसपास चल रहे वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है।

वहीं, पैदल चलने वाले राहगीर अचानक तेज आवाज सुनकर घबरा जाते हैं। इस शोर से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। अस्पतालों के आसपास ऐसी आवाजें मरीजों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। कई बार तेज धमाकों की आवाज से लोगों को फायरिंग होने का भ्रम तक हो जाता है।

वाहन निर्माताओं की ओर से निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर में बदलाव करना मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद सड़कों पर ऐसे बाइकर्स की मनमानी जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और यातायात विभाग से मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

दुकानों पर भी हो जांच, तभी थमेगा शोर

लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल सड़क पर चालान करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। मोडिफाइड साइलेंसर बेचने और लगाने वाली दुकानों की भी जांच होनी चाहिए।

वहीं, चौराहों पर नियमित जांच के साथ नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाए। संबंधित दुकानों की जांच होने से भी ऐसे साइलेंसर की बिक्री और फिटिंग पर अंकुश लगाया जा सकता है।

बाइक से अचानक गोली जैसी आवाज आती है तो लोग सहम जाते हैं। कई बार लगता है कि आसपास कहीं फायरिंग हो गई है। पुलिस को ऐसे बाइक चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए। - रवि ढाका, स्थानीय दुकानदार

युवा तेज आवाज वाले साइलेंसर लगवाकर बाजार में निकलते हैं। इससे ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। दिल घबराता है। - रजनीश कुमार, दुकानदार

अचानक तेज धमाके की आवाज से बच्चे और बुजुर्ग घबरा जाते हैं। ऐसे बाइक चालकों पर कार्रवाई जरूरी है। पुलिस को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। - राजकुमार कंबोज, स्थानीय निवासी

निर्धारित मानकों के विपरीत मोडिफाइड साइलेंसर लगाना नियमों का उल्लंघन है। मोडिफाइड वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। सुरक्षित यातायात के लिए ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। - अमरदीप मौर्य, एसीपी अंकुर विहार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।