विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोनी में विकास के दावों की खुली पोल: गड्ढों में तब्दील हुईं दर्जन भर सड़कें, बारिश के पानी ने बढ़ाई आफत

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:58 PM (IST)

लोनी शहर की सड़कें बदहाली का शिकार हैं, जहां गड्ढों में बारिश का पानी भरने से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

बदहाल सड़कें, लोग परेशान।

बदहाल सड़कें, लोग परेशान।

HighLights

  1. लोनी की सड़कें गड्ढों और पानी से बदहाल, राहगीर परेशान।

  2. नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी विभाग जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे।

  3. कई सड़कों की मरम्मत के बावजूद स्थिति जर्जर, दुर्घटनाएं जारी।

हरिशंकर शर्मा, लोनी। लोनी शहर की सड़कों की बदहाली व टूटी सड़कें सरकारी दावों की पोल खोल रही हैं। गड्ढों से उखड़ी सड़कें और उसमें बारिश का भरा पानी नगर वासियों को दर्द दे रहा है।

जिम्मेदारों की अनदेखी से सड़कों का कायाकल्प न होने से नागरिक परेशान हैं। शिकायत पर नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी बता पल्ला झाड़ लेते हैं।

सरकार भले ही गावों तक पक्का सड़क बनाने, खराब सड़कों के गड्ढे भरवाने व मरम्मत कराने की बात कह रही हो, लेकिन धरातल पर सड़कों की अभी भी स्थित ठीक नहीं है।

एक दर्जन से अधिक सड़कें जर्जर

लोनी तहसील क्षेत्र के खड़खड़ी से घिटोरा व जवाली गांव से गाजियाबाद मार्ग को जोड़ने वाली सड़क समेत एक दर्जन से अधिक मार्ग ऐसे हैं, जो जर्जर हालत में बदहाली पर आंसू बहा रहे है। इस पर जगह जगह गड्ढे हो गए है।

सड़क से गुजरने वाले कई राहगीर चोटिल भी हो चुके है। कुछ सड़कों की तो एक या दो वर्ष पूर्व ही लाखों की लागत से मरम्मत कराई गई है।

बावजूद वर्तमान समय में वह मार्ग भी जर्जर अवस्था में हैं। जबकि, कई बार स्थान स्थानीय लोगों ने सड़कों को सही कराए जाने को लेकर शिकायत की लेकिन नतीजा अभी तक शून्य ही रहा है।

वर्षा में जर्जर सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में आलम यह है कि सड़कों में हुए गड्ढों में बारिश का पानी भरने से बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।

नगर पालिका से राम पार्क, रामेश्वर पार्क होते हुए हाईवे को जाने वाला मार्ग उबड़खाबड़ व गड्ढाें से भरा होने से बहुत परेशानी होती है। इसकी शीघ्र मरम्मत होनी चाहिए ताकि आवागमन सुगम हो सके।
-संजीव कुमार, स्थानीय निवासी

नगर पंचायत क्षेत्र में गड्ढाें से भरी सड़क से गुजरने में हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खड़खड़ी से घिटोरा जाने वाली सड़क की मरम्मत शीघ्र होनी चाहिए।

-सत्येंद्र, स्थानीय निवासी

लोनी विधानसभा में कई करोड़ के कार्य स्वीकृति हुए है। कुछ स्थानों पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। अन्य स्थानों पर सड़क मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
-राम राजा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

मामला संज्ञान में आया है, संबंधित विभाग को पत्र लिख सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा, ताकि राहगीरों का सफर सुगम हो।
-दीपक सिंघनवाल,उपजिलाधिकारी लोनी

यह भी पढ़ें- साहिबाबाद में 30 वर्ष बाद भी दूर नहीं हुई सीवर की मार, सांसों पर हो रहा दुर्गंध का वार