विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबाबाद में 30 वर्ष बाद भी दूर नहीं हुई सीवर की मार, सांसों पर हो रहा दुर्गंध का वार

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:42 PM (GMT+05:30)

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, साहिबाबाद के निवासी 30 वर्षों से सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे सड़कों पर पानी भरा रहता है और घरों में दुर्गंध आती है।

कीचड़ से भरा रास्ता। जागरण

कीचड़ से भरा रास्ता। जागरण

HighLights

  1. इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में 30 वर्षों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या।

  2. सड़कों पर पानी भरा, घरों में दुर्गंध, निवासियों को भारी परेशानी।

  3. जीडीए ने 3-4 माह में समस्या समाधान का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के लोगों को 30 वर्ष बाद भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत नहीं मिल सकी है। लोगों को सड़क पर चलने के लिए जगह ढूंढनी पड़ती है तो घर में दुर्गंध की मार झेलनी पड़ रही है।

लोगों के तमाम धरना-प्रदर्शन और जीडीए अधिकारियों से सैकड़ों शिकायतों के बाद भी इस समस्या से राहत नहीं मिल सकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 1996 में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी को बसाया गया था।

इस दौरान तमाम सुविधाएं देने के वादे किए गए थे। आरोप है कि जो वादे किए थे उनमें से अभी तक 10 प्रतिशत सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। सबसे बड़ी समस्या सीवर ओवरफ्लो की है।

जगह-जगह भरा सीवर का पानी

कॉलोनी में जगह-जगह सड़कों पर सीवर का पानी भरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीडीए ने अभी तक न तो मुख्य लाइन की की कनेक्टिविटी का कार्य कराया है और न ही कॉलोनी के अंदर सीवर लाइन को जोड़ा है।

बीते कई वर्ष से मुख्य लाइन की कनेक्टिविटी के लिए सीवर की लाइन डाली जा रही है, जिसका कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इससे सीवर ओवरफ्लो की समस्या रोजाना ही बनी रहती है।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि बीते कुछ वर्षों में इस समस्या के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने फ्लैट बेचकर चल गए हैं।

सीवर के अलावा भी तमाम समस्याओं से जूझ रहे लोग

सीवर ओवरफ्लो की समस्या के अलावा लोग बदहाल पार्क, खराब स्ट्रीट लाइट, बदहाल सड़क समेत विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन इन समस्याओं से निजात नहीं मिली।

लोगों का आरोप है कि अधिकारी आश्वासन देकर धरना-प्रदर्शन खत्म करा लेते हैं। इसके बाद कोई भी हाल पूछने के लिए नहीं आता।

पार्क के नाम पर केवल चारदीवारी

लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पार्क के नाम पर केवल चारदीवारी है। अभी तक पार्क में कोई सुविधा नहीं है। खेलने के उपकरण व बैठने के लिए बैंच नहीं होने से बच्चे व बड़े दूसरे पार्कों में जाते हैं। आरोप है कि लगातार शिकायत के बाद भी पार्क में सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।

सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोगों का बुरा हाल है। कनेक्टिविटी के नाम पर गलत सूचना देते हैं। अभी तक कॉलोनी के अंदर ही पांच जगह सीवर लाइन कनेक्ट नहीं है।
-सतीश भारद्वाज, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, इंद्रप्रस्थ डी-ब्लॉक।

सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से जगह-जगह जलभराव के कारण सड़क पर चलने के लिए जगह नहीं मिल पाती। दुर्गंध इतनी आती है कि घरों में रहना भी मुश्किल है।
-बाली सिद्धू, निवासी, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी।

अगले तीन-चार माह में सीवर की समस्या से लोगों को पूरी तरह से राहत मिल जाएगी। लाइन कनेक्टिविटी के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।
-राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जीडीए।