बारिश के बाद खोड़ा में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, लोगों को भारी परेशानी
साहिबाबाद के खोड़ा में बारिश के बाद मुख्य सड़कों, बाजारों और घरों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई।

बारिश के बाद खोड़ा में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
वर्षा के बाद खोड़ा में मुख्य सड़कों पर हुआ जलभराव।
बाजारों, दुकानों और घरों में पानी भरने से परेशानी।
खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा में वर्षा के बाद बृहस्पतिवार को जगह-जगह जलभराव हो गया। मुख्य सड़क, बाजार, दुकानों और घरों में पानी भर गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों का मार्ग से गुजरना भी मुश्किल हो गया। वर्षा के बाद बुध बाजार, संडे बाजार, प्रताप विहार, कला एन्क्लेव सहित अन्य कालोनियों में घुटने तक पानी भर गया। कई वाहन चालक पानी से गुजरने के दौरान फंस गए। काफी मशक्कत के बाद पानी से निकल सके।
दुकानों में भी भर चुका है पानी
बुध बाजार निवासी विवेक ओझा का कहना है कि उनकी दुकान में भी पानी भर गया। इससे काफी परेशानी हुई। आवागमन के दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद की ओर से नाले पाट दिए जाने से सफाई ठीक से नहीं हो पा रही है। इस कारण वर्षा होते ही जलभराव हो जाता है। लोगों को वर्षा के समय परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों को हो रही कई दुश्वारियां
स्थानीय निवासी अरशद का कहना है कि उनकी दुकान में वर्षा के बाद पानी भर गया। जब भी वर्षा होती है पानी भर जाता है। इससे काफी परेशानी होती है।
स्थानीय निवासी अशोक पांडे का कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी की कोई सुविधा नहीं है। वर्षा के बाद हालात बद से बदतर हो जाते हैं। गलियों और घरों में पानी भर जाता है। जलभराव के दौरान घर से निकलना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका को जल निकासी की व्यवस्था को ठीक कराना चाहिए, जिससे लोगों को वर्षा के बाद परेशानी न उठानी पड़े।
इस बारे में अवर अभियंता अनुज गोयल का कहना है कि नालों की सफाई नियमित रूप से कराई जाती है। ज्यादा वर्षा के बाद कुछ देर के लिए पानी जमा होता है फिर निकल जाता है।
यह भी पढ़ें- जालौन में दिव्यांग बच्चों को भी मिलेगी पेंशन, शिक्षा विभाग बनवा रहा प्रमाण पत्र
