विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

12 लाख लोगों को राहत: खोड़ा में 8 साल बाद खत्म होगा जल संकट, दिवाली से पहले 3 वार्डों में शुरू होगी सप्लाई

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:33 AM (IST)

खोड़ा में नगर पालिका दीपावली से पहले तीन वार्डों (5, 7, 16) में पेयजल आपूर्ति शुरू करने जा रही है। ...और पढ़ें

14 वार्डों के लिए पेयजल का काम शुरू

14 वार्डों के लिए पेयजल का काम शुरू

HighLights

  1. खोड़ा में दीपावली से पहले तीन वार्डों में पानी

  2. नगर पालिका की पेयजल योजना का पहला चरण शुरू

  3. वर्षों पुरानी पानी की समस्या से मिलेगी बड़ी राहत

जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। खोड़ा में दीपवाली से पहले नगर पालिका लोगों को राहत देने जा रही है। नगर पालिका की स्थापना के बाद करीब आठ साल बाद घरों तक पानी पहुंचेगा।

पेयजल पाइपलाइन योजना के पहले फेज के तहत 14 वार्डों के लिए पेयजल पाइपलाइन बिछाने, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय का काम किया जा रहा है। तीन ट्यूबवेल नगर पालिका की ओर से लगाए जा चुके हैं जबकि चार और लगने हैं।

नगर पालिका अधिकारी का दावा है कि तीन वार्डों पांच, सात और 16 में इसी महीने घरों तक पानी पहुंचा दिया जाएगा। ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया है।कनेक्शन होने के बाद घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।

पेयजल की समस्या झेल रहे करीब 12 लाख लोग

बता दें कि खोड़ा में करीब 12 लाख की आबादी कई वर्षाें से लोग पेयजल की समस्या झेल रहे हैं। पानी के लिए कई बार लोगों में मारामारी तक हो जाती है। यहां के कुछ वार्ड में भूजल है ही नहीं जबकि कुछ वार्ड में 900 से 1000 फीट तक पानी का स्तर पहुंच गया है।

ऐसे में लोगों को पानी के लिए यहां बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। पानी की सप्लाई न होने के कारण नगर पालिका वार्डों में टैंकरों के जरिये प्रतिदिन जलापूर्ति कराती है। इससे लाेगाें की पानी की पूर्ति नहीं हो पाती है। इस कारण क्षेत्र में पानी माफिया भी सक्रिय हैं।

वो लोगाें को पानी देने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं। पीने के लिए लोगाें को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। इससे लोगों को आर्थिक बोझ के साथ ही पानी माफिया की मनमानी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ट्यूबवेल से सीधे वार्डों में पहुंचाया जाएगा पानी

अवर अभियंता नवनीत गुप्ता का कहना है कि पेयजल योजना के तहत ट्यूबवेल से भूमिगत जलाशय तक पानी पहुंचाया जाना है। उसके बाद भूमिगत जलाशय से वार्डों तक पानी पहुंचाया जाना है। हालांकि अभी भूमिगत जलाशय का काम पूरा न होने के कारण नगर पालिका ट्यूबवेल से सीधे वार्डों में पानी पहुंचाने की योजना बना रहा है। पहले तीन वार्डों में घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।

दूसरे फेज में 20 वार्डों में पेयजल योजना की डीपीआर तैयार

योजना के तहत इन वार्डों में पेयजल पाइपलाइन, ट्यूबवेल और भूमिगत जलाशय बनाया जाएगा। पहले फेज में 14 वार्डों में पाइपलाइन बिछाने के बाद नगर पालिका की ओर से बाकी के बचे 20 वार्डों में पेयजल पाइपलाइन बिछायी जाएगी। इसकी डीपीआर तैयार हो गई है। जल्द ही दूसरे फेज का काम भी शरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पेयजल योजनाओं को समय से पूरा किया जाए, लापरवाही सामने आने पर होगी कार्रवाई: जलशक्ति मंत्री

यह भी पढ़ें- सिरमौर में बारिश का कहर: जनजीवन बेहाल, दो दिन में 4.40 करोड़ का नुकसान; 15 सड़कें और 39 पेयजल योजनाएं ठप