इंदिरापुरम में 15 दिन से टूटी पेयजल लाइन, सड़कें बनीं तालाब; घरों में पानी की किल्लत
इंदिरापुरम के ज्ञान खंड-दो में पिछले 15 दिनों से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है, जिससे सड़कों पर पानी बह रहा है और जलभराव हो रहा है।

पाइपलाइन टूटने से सड़क पर भरा पानी। जागरण
HighLights
इंदिरापुरम में 15 दिन से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त।
सड़कों पर जलभराव, राहगीरों को भारी असुविधा।
घरों में कम दबाव से पानी, जलकल विभाग पर सवाल।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। एक तरफ ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों के लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, दूसरी ओर इंदिरापुरम के ज्ञान खंड-दो में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर पानी बह रहा है। लाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर जलभराव भी हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 15 दिन से लाइन क्षतिग्रस्त है, लेकिन जलकल विभाग समाधान नहीं करा रहा है। इसको लेकर महाप्रबंधक से लेकर अवर अभियंता तक शिकायत कर चुके हैं।
इसके बाद भी अभी तक लाइन का मेंटेनेंस नहीं कराया गया है। इससे सड़क पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को असुविधा हो रही है।
जलभराव से सड़क में गहरे गड्ढ़े दिखाई नहीं देते हैं। इससे आए दिन वाहन चालक गिरकर घायल भी हो रहे हैं। स्थानीय निवासी रोबिन त्यागी का कहना है कि जलकल विभाग जल्द से जल्द लाइन का मेंटेनेंस कराएं।
घरों तक कम प्रेशर से पहुंच रहा पानी
गंगाजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से इंदिरापुरम के क्षेत्रों में बहुत कम प्रेशर से पानी आ रहा है। इससे लोग टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर पा रहे हैं। सुबह में जो पानी स्टोर करते हैं वह दोपहर तक ही खत्म हो जाता है। लोगों का कहना है कि जब तक लाइन की मरम्मत नहीं होगी, कम प्रेशर से ही पानी आएगा।
लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मिली है। एक बार मेंटेनेंस कराया भी गया था। अगर फिर से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है तो जल्द ही लाइन का मेंटनेंस कराया जाएगा।
-केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग।
यह भी पढ़ें- साहिबाबाद: 14 वार्डों में काम अधूरा, 20 की बन गई DPR... कागजों पर दौड़ रहा खोड़ा का पानी!
