हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
सिहानी गेट थाना पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने बने और अधबने कई हथियार व हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह फैक्ट्री पांच-छह हफ्ते पहले ही एलिवेटेड रोड के नीचे जंगल क्षेत्र में बने एक भवन में शुरू की गई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान माहौल को प्रभावित करने के लिए हथियार बनाए जा रहे थे। आरोपित इन हथियारों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने वाले थे।
जासं, गाजियाबाद : सिहानी गेट थाना पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने बने और अधबने कई हथियार व हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह फैक्ट्री पांच-छह हफ्ते पहले ही एलिवेटेड रोड के नीचे जंगल क्षेत्र में बने एक भवन में शुरू की गई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान माहौल को प्रभावित करने के लिए हथियार बनाए जा रहे थे। आरोपित इन हथियारों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने वाले थे।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने एलिवेटेड रोड गोल चक्कर के पास जंगल में छापेमारी की। यहां से बुलंदशहर के सलेमपुर निवासी वाहिद व बिलाल उर्फ बिल्ला और अलीगढ़ के टप्पल निवासी अकरम को गिरफ्तार किया। 315 बोर के छह तमंचे, चार अर्द्धनिर्मित तमंचे, सरिया, नाल, भट्टी, हथौड़े और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बिलाल हथियारों को बनवा रहा था और उसे इनकी सप्लाई देनी थी।
एसएचओ सिहानी गेट संजय पांडे के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि हथियारों की सप्लाई पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में होनी थी। एक तमंचा 8-10 हजार रुपये में बेचते थे। बता दें कि गाजियाबाद समेत वेस्ट यूपी के कई जिलों में लोकसभा चुनाव का मतदान पहले ही चरण होना है। हथियारों के बल पर चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की योजना तैयार की जा रही थी। एसपी सिटी ने बताया कि एलआइयू को सक्रिय करने के अलावा अन्य जनपदों को भी इसकी जानकारी भेजी गई है। पूछताछ के आधार पर हथियारों की सप्लाई लेने वाले लोगों का पर्दाफाश किया जाएगा।